
मोईकलां. बारां-झालावाड़ मेगा हाइवे पर बुधवार सुबह बोरदा गांव में बरसाती खाळ के नजदीक एक गाय को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगडऩे से कार पलट गई। जिससे कार में सवार सभी पांच ने घायल हो गए। जानकारी के अनुसार अमृतखेड़ी गांव निवासी देवकरण नागर बुधवार को परिवार के सदस्यों के साथ कार से इंदौर जा रहे थे। बोरदा गांव के पास बरसाती खाळ की पुलिया के नजदीक सड़क पर मवेशी को बचाने के प्रयास में संतुलन बिगडऩे से कार पलट गई। जिससे कार चालक देवकरण, सुरेश कुमार, भगवान प्रसाद, चन्द्रप्रकाश व राजेन्द्र कुमार नागर घायल हो गए। घायलों को बारां के निजी चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां से चन्दप्रकाश व देवकरण को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शेष का उपचार जारी है।
टायर फटने से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली
मोईकलां. बारां-झालावाड़ मेगा हाइवे पर बपावर थाना क्षेत्र के लटूरी गांव के पास बुधवार दोपहर को लकड़ी से भरी ट्रॉली टायर फटने से पलट गई। जिस समय हादसा हुआ उसके पास से एक कार गुजरी। गनीमत रही कि कार ट्रॉली के नीचे दबने से बच गई।
जानकारी के अनुसार लकड़ी कटाई का काम करने वाला एक व्यक्ति बुधवार को एक पेड़ को कटवाकर गीली लकड़ी ट्रॉली में भरकर ला रहा था। लकड़ी को एक बड़े पाल से ढका गया था। ताकि गीली लकड़ी किसी को नजर नहीं आए। लटूरी गांव के पास अचानक ट्रॉली का टायर फटने से ट्रॉली पलट गई और सारी लकड़ी नीचे गिर गई। गीली लकड़ी से भरी ट्रॉली पलटने की सूचना पर लटूरी पटवारी व वन कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फोरेस्टर सतीश शर्मा ने बताया कि लकड़ी कहां से लेकर आ रहे थे इस बारे में जांच की जा रही है।