
आरकेपुरम् थाना क्षेत्र स्थित जैन मंदिर में देर रात डकैती की साजिश रचने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनसे एक कार और अवैध हथियार भी बरामद किए। एक आरोपित मौके से फरार हो गया।
एसपी सवाई सिंह गोदारा ने बताया कि शुक्रवार देर रात 2 बजे करीब सूचना मिली कि 5 जने आरकेपुरम् सेक्टर ए स्थित पार्क में बैठे हैं। उनके पास हथियार भी हैं। वे जैन मंदिर में डकैती डालने की बात रहे हैं। सूचना पर थाने से उप निरीक्षक कमल सिंह मय जाप्ते के पार्क में पहुंचे तो वहां 5 जने मिले। वे आपस में बाते कर रहे थे कि दो जने मुख्यद्वार पर बाहर खड़े रहेंगे, जबकि तीन जने अंदर जाकर दानपेटी और सोने-चांदी के आभषण लूट ले जाएंगे। पुलिस घेरा डालकर 4 आरोपितों को पकड़ लिया जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गया।
इन्हें किया गिरफ्तार
एएसपी अनंत कुमार ने बताया कि मौके से आरकेपुरम् निवासी जितेन्द्र सिंह उर्फ लाला(25), सुभाष नगर निवासी विजय सिंह(22),बल्लभबाड़ी निवासी रघु राठौड़(25) व पीएनटी कॉलोनी विज्ञान नगर निवासी इरफान उर्फ इमरान खान(24) को गिरफ्तार किया। जबकि अनमोल उर्फ विशाल सक्सेना मौके से भाग गया।
पुलिस ने लाला के कब्जे से एक पिस्टल व 3 जिंदा कारतूस और अन्य से तलवार, चाकू व छुरी और एक कार बरामद की है। पुलिस ने सभी के खिलाफ डकैती की साजिश रचने व अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया है। फरार आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में मारपीट व गम्भीर मामले दर्ज हैं।
महिला को धमकाया
इधर, थानाधिकारी शौकत खान ने बताया कि आरोपितों के पकड़े जाने के बाद शनिवार सुबह वॉम्बे योजना निवासी आशा कंवर ने रिपोर्ट दी कि ये सभी आरोपित रात को उसके घर आए थे। इन्होंने उसके घर में तोडफ़ोड़ व उसके साथ मारपीट की। जाते समय जान से मारने की धमकी दी।
सभी आरोपित उस पर किसी काम को करने के लिए दबाव बना रहे थे। महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। इधर, महिला का कहना कि आरोपित पहले भी उसे धमका चुके हैं। उसने आरकेपुरम् थाने में रिपोर्ट दी थी लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।