
कोटा. कुन्हाड़ी पुलिस ने मंगलवार सुबह थर्मल के गेस्ट हाउस पर दबिश देकर फर्जी मंत्री के स्टाफ को हिरासत में लिया है। वहीं, पुलिस को आता देख फर्जी मंत्री खिड़की से कूदकर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
बंशीलाल आत्महत्या प्रकरण में बूंदी में आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने आए राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के प्रदेशाध्यक्ष संदीप सैनी को कोटा थर्मल के इरेक्टर हॉस्टल में फर्जी तरीके से रुकना भारी पड़ गया।
मंगलवार हॉस्टल के मैनेजर भानु प्रताप ने कुन्हाड़ी थाना पुलिस को संदीप सैनी के खिलाफ फर्जीवाड़े की शिकायत दी है। वहीं, सैनी के साथ गार्ड के रूप में चल रहे पूर्व सैनिक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है और उसकी गाड़ी को भी थाने ले आई।
हालांकि मौका पाकर सैनी इरेक्टर हॉस्टल से भागकर कहीं गायब हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सैनी के खिलाफ इस तरह के फर्जीवाड़े का यह मामला पहला नहीं है, इससे पहले दौसा में फर्जी तरीके से एस्कॉर्ट लेने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
Read More: 2.5 करोड़ खर्च करने के बाद आया kota को कचरा पॉइंट मुक्त करने का ख्याल
जानकारी के अनुसार आरएलएसपी के प्रदेशाध्यक्ष संदीप सैनी पिछले कई दिनों से बंशीलाल आत्महत्या प्रकरण को लेकर चल रहे आंदोलन में भाग लेने के लिए कोटा आया था। थर्मल के इरेक्टर हॉस्टल में अपने आप को मुख्य सचेतक लोकसभा के मुख्य सलाहकार बताकर ठहरा हुआ था।
बुधवार को हॉस्टल का रूम खाली करते समय भुगतान की बात को लेकर उसने मैनेजर को अपना एक पत्र दिया, जिसमें वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त होने का दावा किया, लेकिन हॉस्टल मैनेजर भानु को मामला संदिग्ध लगा।
उन्होंने इसकी जानकारी कुन्हाड़ी थाना पुलिस को दी। पुलिस को देखते ही सैनी मौके से भागकर कहीं गायब हो गया। जबकि उसके गार्ड को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ ही सैनी की गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने फर्जीवाड़े का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।