कोटा

OMG: परीक्षा देकर घर लौट रही 9वीं कक्षा की छात्रा से गैंगरेप

बूंदी जिले में कक्षा 9वीं की परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Apr 19, 2019
Feature image

नैनवां (बूंदी). स्कूल से परीक्षा देकर अपने गांव लौट रही नवीं कक्षा की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वारदात 15 अप्रेल की है।

पुलिस उपाधीक्षक कैलाशचंद जाट ने बताया कि देई थाना क्षेत्र के जैतपुर ग्राम पंचायत के गांव की 16 वर्षीय छात्रा दूसरे गांव में नवीं कक्षा में पढ़ रही है। पीडि़ता के पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बेटी 15 अप्रेल को परीक्षा देकर गांव लौट रही थी, तभी मौका पाकर देई निवासी बलराम गुर्जर व हापोलाई निवासी धर्मराज गुर्जर ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। वे उसे तलवास रोड पर ले गए, जहां एक पुलिया के नीचे उससे सामूहिक बलात्कार किया। बाद में उसे छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर बुधवार शाम को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

किशोरी को भगा ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
कापरेन. नाबालिग दलित किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी बुद्धिप्रकाश नामा ने बताया कि किशोरी के पिता ने बीते दिनों रिपोर्ट दी जिसमें नयागांव निवासी निखिल पर बहला फुसलाकर भगा ले जाने की बात कही थी। जिसे गिरफ्तार कर लिया।

युवती का अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर डालने वाला गिरफ्तार
हिण्डोली. सोशल मीडिया पर एक युवती का अश्लील फोटो डालने के आरोप में हिण्डोली पुलिस ने बुधवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र के सरसया निवासी मुकेश मीणा ने गत दिनों एक युवती के अश्लील फोटो मोबाइल में खींच लिए।बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिसकी रिपोर्ट हिण्डोली थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Published on:
19 Apr 2019 08:30 am