कोटा

गाजे-बाजे के साथ निकाली घासभैरु की सवारी

Jul 20, 2026
Rajasthan

अटरू. अच्छी बारिश कि कामना को लेकर रविवार को यहां गाजे-बाजे व आतिशबाजी के साथ घासभैरु की सवारी निकाली गई। सबसे पहले गांव के प्रमुख लोगों ने घासभेरू की यहां पावर हाउस के पास पेट्रोल पंप के समीप पूजा अर्चना की। उसके बाद रस्सी से बांध कर जयकारों के साथ घासभेरु की सवारी निकलना शुरू हुआ जो अटरु की कांकड पंचायत समिति के पास से मुख्य सड़क मार्ग पर होकर यहां हाट बाजार से होकर सालपुरा रोड से पुनः उसी स्थान से कुछ दूर ले गए। घासभैरु की सवारी के आगे महिलाएं मंगल गीत गाते हुए व डीजे की धुन पर भजनों पर नाचते गाते हुए चल रही थी। महिलाओं व पुरुषों ने जगह-जगह पूजा अर्चना की, घासभैरु की रस्सी को खींचने में कई युवा जुटे हुए थे। इस दौरान मार्ग में कितनी जगह घासभैरु रुठ गए और अपनी जगह से हिलना भी मुश्किल हो गया, इस पर लोगों ने धार चढ़ाकर मनाया।

Updated on:
20 Jul 2026 06:00 am
Published on:
20 Jul 2026 06:00 am