21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Rajasthan: ‘जयपुर में मंत्री से बात हो चुकी है’, गिरफ्तार आरोपी ने ट्रांसफर के नाम पर महिला VDO समेत 3 लोगों से की थी ठगी

कोटा के सांगोद थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने खुद को पंचायती राज मंत्री के भाई का परिचित बताकर तबादला और डेपुटेशन कराने के नाम पर महिला ग्राम विकास अधिकारी समेत 3 लोगों से ठगी की।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Jul 21, 2026

Accused Narrotam

नरोत्तम बडारिया की फाइल फोटो: पत्रिका

VDO Transfer Scam Accused Arrested: कोटा के सांगोद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंचायती राज मंत्री के भाई का परिचित होने का दावा कर ग्राम विकास अधिकारियों से तबादला और डेपुटेशन कराने के नाम पर रुपए ऐंठने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने महिला ग्राम विकास अधिकारी से 20 हजार रुपए लेकर जल्द तबादला करवाने का भरोसा दिलाया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मंत्री या उनके परिजनों से किसी प्रकार की स्वीकृति या अनुशंसा के बिना उनके नाम का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लिया।

ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि दीगोद ग्राम पंचायत में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी मंजुला बैरागी ने शिकायत दी थी कि बारां निवासी नरोत्तम बडारिया ने स्वयं को पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के भाई का परिचित बताते हुए डेपुटेशन और तबादला कराने का आश्वासन दिया। आरोपी ने दावा किया कि मंत्री के भाई के माध्यम से उसका काम आसानी से हो जाएगा और इसकी एवज में 20 हजार रुपए अग्रिम ले लिए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने दो अन्य लोगों को भी इसी तरह का झांसा दिया था और प्रत्येक से 50-50 हजार रुपए की मांग की थी। इनमें से एक मामले में 20 हजार रुपए अग्रिम ले लिए थे। आरोपी लगातार यह कहता रहा कि जयपुर में मंत्री से बात हो चुकी है और नाम तबादला सूची में शामिल कर दिया जाएगा।

तबादला नहीं होने पर दी शिकायत

पुलिस ने बताया कि काफी समय बीतने के बाद भी तबादला नहीं होने पर मंजुला बैरागी ने स्वयं पंचायती राज मंत्री के भाई से संपर्क किया। तब उन्हें पता चला कि उनके पास इस संबंध में कोई अनुशंसा नहीं पहुंची। मंत्री के भाई ने भी आरोपी से किसी प्रकार का संबंध या अपनी भूमिका होने से स्पष्ट इनकार कर दिया। इसके बाद ग्राम विकास अधिकारी ने कोटा में पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर से शिकायत की।

मंत्री के निर्देश पर महावीर नगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया, जिसे जीरो नंबर एफआइआर के रूप में सांगोद थाने स्थानांतरित किया गया। पुलिस उपाधीक्षक नरेन्द्र जैन के सुपरविजन तथा थानाधिकारी पवन मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी नरोत्तम बडारिया निवासी गोपाल कॉलोनी, बारां को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ की जा रही

सांगोद सीआइ पवन मीणा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि उसने इस तरह मंत्री या अन्य प्रभावशाली लोगों का नाम लेकर और कितने लोगों से ठगी की। यदि ऐसे अन्य मामले सामने आते हैं तो उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा।