
कोटा.
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों समीपवर्ती इलाकों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। पारा अब भी 46 पार ही चल रहा है। ना ही लू ने कोई राहत दी है।
कोटा जिले के कनवास धूलेट व कनवास मुख्य मार्ग पर कांकरिया व गिरधरपुरा चौराहे के समीप कुएं के पास एक अज्ञात व्यक्ति बेहोश हालत में मिला। 108 एम्बुलेंस कम्पाउंडर रिन्कू मीणा ने बताया कि राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे तथा पीडि़त को कनवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रैफर किया गया। चिकित्सक रामावतार मीणा ने बताया कि संभवत: भूख प्यास व लू लगने से वृद्ध की तबीयत बिगड़ी है। स्थिति गंभीर होने के कारण उसे कोटा रैफर किया गया है। उधर, समीपवर्ती चित्तौडगढ़़ जिले के रावतभाटा कस्बे में 4 खड़े वाहनों में खुद ब खुद ओवर हीटिंग से आग लग गई।
बूंदाबांदी ने बढ़ाई उमस, राहत नहीं
इधर, कोटा जिले के सांगोद कस्बे में दिनभर की भीषण गर्मी के बाद सोमवार को देर शाम दस मिनट तक हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद फिर धूप खिलने से उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। कूलर-पंखों की हवा में भी लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान रहे। इससे पूर्व सूर्यदेव ने सोमवार को भी रौद्र रूप दिखाया। सुबह से शुरू हुए गर्मी के तेवर सूर्यास्त के बाद तक रहे। तेज धूप व गर्म हवाओं ने लोगों को बुरी तरह झुलसा दिया। सोमवार को यहां साप्ताहिक हाट के बावजूद ग्रामीणों की आवाजाही कम रही। झुलसाने वाली गर्मी से बचाव के लिए स्थानीय लोग भी घरों में कूलर की शरण में रहे। शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम ने पलटा खाया। आसमान में काली घटाओं के साथ तेज अंधड़ शुरू हो गया जो करीब आधे घंटे तक जारी रहा। इस बीच हाट में लगी अस्थाई दुकानों के भी तिरपाल उड़कर दूर जा गिरे। तेज अंधड़ के बाद करीब 10 मिनट तक हल्की बारिश हुई। इससे गर्मी से जूझते लोगों को राहत तो मिली लेकिन उसके बाद फिर धूप खिलने से उमस के मारे लोगों का बुरा हाल हो गया। चिपचिपी गर्मी से कूलर-पंखों की हवा भी लोगों को ज्यादा राहत नहीं दे सकी। शाम तक भी सड़कें तपती रही।