
कोटा. हाड़ौती में बरसात का दौर शुरू हो गया। झालावाड़ जिले के खानपुर कस्बे में रविवार अल सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो गई, जो अभी भी जारी है। बाजारों में एक फीट पानी भर गया। साथ ही झालरापाटन में भी जोरदार बरसात शुरू हो गई है। साथ ही जिले के कई स्थानों पर झमाझम बरसात का दौर चल रहा है। वहीं, बारां जिले में भी मानसून दस्तक दे चुका है। शनिवार को बूंदी जिले के गुढ़ासदावर्तियां गांव में पाण्डाल गिरने से चार लोग घायल हो गए।
झालावाड़ के खानपुर कस्बे में सुबह मूसलादार बारिश हुई। बाजारों व सड़कों पर पानी भर गया। तेज बारिश के चलते सड़क किनारे कई पेड़ धराशाही हो गए। जिससे आवागमन बंद हो गया। बाजारों में खुदी पड़ी सड़कों के कारण गड्ढों में पानी भर गया। जगह-जगह कीचड़ फैल गया। जिले में रविवार सुबह से ही समूचे क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ तेज बरसात शुरू हो गई। जिले के सारोला क्षेत्र के भीमसागर, बाघेर, सोजपुर में बरसात शुरू हो गई। वहीं झालरापाटन में भी जोरदार बरसात हो रही है। तेज बरसात के चलते जिले में सीमलखेड़ी सब ग्रिड स्टेशन से जुड़े दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। बूंदी जिले के देई क्षेत्र के गुढ़ासदावर्तिया गांव मेंं चल रहे महायज्ञ में शनिवार को हुई बरसात से अफरातफरी मच गई।
बरसात के दौरान तेज हवा चलने से महायज्ञ का पांडाल भी धराशायी हो गया। इससे लाम्बाबरडा निवासी शोजीलाल गुर्जर, देई निवासी भंवरलाल साहू , सास्ती निवासी पप्पू गुर्जर और खटकड़ निवासी लादूलाल शर्मा घायल हो गए। सभी के हल्की चोटें आई है। यज्ञशाला में स्थित भोजनशाला का डोम भी गिर गया। आंधी से बांसी रोड स्थित वेयर हाउस की दीवार गिरने के साथ ही चद्दर उड़ गए। गैस एजेंसी के भी चद्दर उड़ गए। नैनवां क्रय विक्रय सहकारी समिति में चल रहे समर्थन मूल्य खरीद केंद्र पर किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कृषि उपज मंडी देई में भी गेहंू, चना व उड़द की जिंसें भीग गई। वहीं पिड़ावा कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को कस्बे में मानसून की पहली बारिश शुरू हुई। लगभग 3 बजे तेज धूल भरी आंधी चली। इसके बाद अचानक तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरु हुई, जो लगभग 5 बजे तक चली। जिसके बाद भी रूक-रूक कर बारिश होती रही।