कोटा

update weather news : बूंदी में 10 इंच व कोटा में 6 इंच बारिश, कई बस्तियां जलमग्न

कोटा के अनंतपुरा तालाब बस्ती, बरड़ा बस्ती व कौटिल्य नगर में नावें चली, बूंदी के बालचंदपाड़ा स्थित गोशाला में तीन दर्जन से अधिक गोवंश काल के ग्रास बने
2 min read
• •
Jul 28, 2019
heavy Rainfall in Kota, Bundi
heavy Rainfall in Kota, Bundi

कोटा. हाड़ौती में सावन के बादल झूमकर बरस रहे हैं। कोटा व बूंदी में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह सात बजे तक हुई भारी बारिश से बाढ़ के हालातबन गए। बूंदी में 10 व कोटा में 6 इंच बारिश हुई। बूंदी के बालचंदपाड़ा स्थित गोशाला में पानी भरने से यहां तीन दर्जन से अधिक गोवंश की मौत हो गई। भारी बारिश होने से कोटा में चारों तरफ बसी कॉलोनियां जलमग्न हो गई। लोग घरों में कैद होकर रह गए। कई घरों में पानी घुस गया। शहर की अनंतपुरा तालाब बस्ती, बरड़ा बस्ती व कौटिल्य नगर में नावें चल पड़ी। खड़े गणेशजी मंदिर परिसर में लबालब पानी भर गया। बाढ़ के हालात के चलते जिला प्रशासन, एसडीआरएफ , नगर निगम की रेस्क्यू की टीम को बचाव व राहत कार्य के लिए मैदान में उतरना पड़ा।

सफर में परेशानी
कोटा जिले में चंबल, कालीसिंध व उजाड़ नदी में भी पानी की आवक हो रही है। धाकडख़ेड़ी हनुमान मंदिर के पास बारिश का पानी जमा होने से सुबह नौ बजे से करीब तीन घंटे कोटा-कैथून मार्ग बंद रहा। कोटा-सुल्तानपुर मार्ग पर सुबह मारवाड़ा चौकी नाला उफनने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। खातौली में पार्वती पुल से पानी उतर जाने से दोपहर एक बजे से श्योपुर मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। सांगोद क्षेत्र में पिछले 24 घंटों में साढ़े चार इंच बारिश दर्ज की गई।

बरधा बांध व चांदा का तालाब पर चली चादर
बूंदीजिले में दस इंच बारिश से बाढ़ के हालात पैदा हो गए। कई निचली बस्तियों में पानी जमा हो गया है। बूंदी- झालीजी का बरना, सिलोर- करजूना मार्ग, बूंदी- माटूण्दा मार्ग, नमाना- श्यामू, केशवरायपाटन- जैथल मार्ग बंद है। वहीं नमाना- बरूंधन मार्ग में सुबह सात बजे से बंद रहा, जो दोपहर साढ़े तीन बजे खुल गया। नमाना-बूंदी सुबह छह बजे से बंद रहा, जो शाम साढ़े चार बजे खुल गया। वहीं भीलों का झौपड़ा के निकट नाले में तेज बहाव आने से एक युवक बह गया। सुबह आठ बजे तक बूंदी में 264, तालेड़ा 199, हिंडोली में 121 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं जैतसागर, बरधा का बांध, चांदा का तालाब बांध पर चादर चलना शुरू हो गई।

आधा दर्जन बांधों पर चादर
बारां जिले में बीते चौबीस घंटों में सर्वाधिक 75 एमएम बारिश अटरू में दर्ज की गई। छबड़ा में 61, छीपाबड़ौद में 48, मांगरोल में 55, अन्ता में 51, किशनगंज में 52 व एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जिले में पार्वती व परवन पिकअप वियर के अलावा करीब आधा दर्जन सिंचाई स्त्रोतों पर एक से दो फीट की चादर चल रही है। झालावाड़ जिले में तीन दिन से रिमझिम बारिश का दौर चल रहा है। मनोहरथाना में सर्वाधिक 116 मिमी बारिश हुई।

Published on:
28 Jul 2019 07:24 pm