कोटा व झालावाड़ जिले में बारिश के साथ ओले भी गिरे42 किमी की रफ्तार से चली हवाकई पेड़ गिरे, 132 केवी लाइन के दो खम्भे गिरेबिजली तंत्र हुआ धराशाहीकोटा में कई इलाके तीन घंटे तक अंधेरे में डूबे रहे6.6 एमएम बारिश दर्ज
कोटा. हाड़ौती अंचल में शनिवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह भीषण गर्मी के बाद शाम को थंडर स्ट्रॉम होने से तूफानी बारिश ने तबाही मचा दी। मेघ गर्जन के साथ तेज आंधी व बारिश हुई। तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। 42 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने अफ रा-तफ री मचा दी।
घरों की छतों के टीन टप्पर उड़ गए। बिजली के पोल गिर गए। कोटा में कई इलाके तीन से चार घंटे तक अंधेरे में डूबे रहे। छावनी व डीसीएम क्षेत्र में बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे। स्टेशन, बोरखेड़ा, केशवपुरा, महावीर नगर आदि इलाकों में तेज बारिश हुई।
डीसीएम क्षेत्र में तेज आंधी के चलते 132 केवी लाइन के 2 खंभे गिर गए। स्टेट डीसीएम जीएसएस ठप हो गया। इसके चलते डीसीएम, कंसुआ, थेगड़ा, रायपुरा, बोरखेड़ा, देवलीअरब समेत अनेक क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। केडीईएल के कर्मचारी खंभे खड़े करने में जुटे हुए थे। विज्ञान नगर में भी पार्क व अन्य घरों के बाहर लगे पेड़ टूट कर गिर गए। पार्क में पेड़ गिरने से चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई। कार दब गई। जिले के सांगोद में तूफानी बारिश ने तबाही मचाई। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 42.5 व न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 56 व शाम को 64 प्रतिशत आद्र्रता रही। शाम 4.40 मिनट से 5 बजकर दो मिनट तक 42 किमी की रफ्तार से तेज आंधी चली।
बारां जिले में अंधड़ के साथ तेज बारिश
बारां जिले में शनिवार दोपहर बाद अचानक तेज अंधड़ के बाद कई क्षेत्रों में तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। छबड़ा, छीपाबड़ौद व अटरू उपखंड मुख्यालयों के दर्जनों गांवों में अंधड़ ने तबाही मचाई। कई घरों के टीन-टप्पर उड़ गए। बाद में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारां जिला मुख्यालय पर तेज हवा के बाद मामूली बूंदाबांदी होकर रह गई। इसके बाद उमस का असर बढ़ गया, जबकि कुंजेड़ में कई पेड़ गिर गए, कई मकानों के छप्पर उड़ गए।
तेज अंधड़, बारिश संग ओले गिरे
झालावाड़ जिले में शनिवार को अंधड़ ने तबाही मचाई। खानपुर कस्बे में आधा दर्जन कच्चे मकान गिरे। पिड़ावा में आधे घंटे जोरदार बारिश हुई। चने के आकार के ओले गिरे। पनवाड़ व असनावर में भी अंधड़ से कई कच्चे मकान व पेड़ गिरे हैं। बिजली सप्लाई भी बाधित रही है। बूंदी में बारिश नहीं हुई, भीषण गर्मी का दौर बना रहा।
अगले दो दिन थंडर स्ट्रॉम
जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है कि थंडरस्ट्रॉम होने से तेज आंधी, बारिश हुई है। 30 व 31 मई को भी थंडरस्ट्रॉम की गतिविधियां होंगी। इससे तेज अंधड़ व बारिश हो सकती है। उसके बाद एक और नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। उसका असर कम रहेगा। कोटा संभाग में बादल छाए रहेंगे।