
नींव अधूरी तो कहीं छत नहीं, निर्माण हो तो मिले अगली किस्त
कोटा. यह तो बानगी मात्र है। बजरी की कमी एवं उसके आसमान छूते भाव के कारण जिले के 2282 लाभार्थियों का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आशियाना बनाने का सपना पूरा नहीं हो रहा। इनके मकान का काम बंद हुए महीने बीत गए। कहीं नींव अधूरी है तो कहीं डीपीसी लेवल तक निर्माण पूरा हुआ है। कई मकानों पर छत नहीं डली। मकान का काम पूरा हो तो अगली किश्त मिले।
Read more: वेतन नहीं बढ़ाया तो एमबीएस के मोर्चरी पर लग जाएंगे ताले
योजना के तहत लाभार्थी की पट्टेशुदा भूमि पर 25 वर्गमीटर क्षेत्र में आवास निर्माण के लिए एक लाख 49 हजार 280 रुपए मिलते हैं। यह तीन किश्तों में कुल 1.20 लाख, शोचालय के लिए 12 हजार व मकान निर्माण में मजदूर के लिए मनरेगा के तहत 90 दिवस की मस्टररोल (17280 रुपए) जारी की जाती है।
सीमल्या निवासी दौलतराम गाडिय़ा लुहार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए अब तक दो किश्ते मिली हैं। बजरी महंगी होने के कारण मकान की छत नहीं डलवा पा रहा। इस कारण उसे योजना की तीसरी किश्त नहीं मिल रही।
सीमल्या निवासी फूलचंद लुहार को मकान निर्माण के लिए पहली किश्त ही मिली है। जिसमें नींव भरवा कर डीपीसी करवाना है। बजरी खरीदना इसके बूते की बात नहीं। ऐसे में मकान का काम रुक गया। अब दूसरी, तीसरी किश्त इसे नहीं मिलेगी।
आरडी मीणा, जिला परिषद सीईओ का कहना है की दो सालों में 7452 परिवारों का योजना में चयन किया था। इनमें से 5170 ने मकान का काम पूरा करवा लिया। 2283 लाभार्थी किन्हीं कारणों से मकान निर्माण नहीं करवा पाए। इनकी समझाइश व निगरानी के लिए मोटीवेशन, मॉनीटरिंग कमेटी बनाई है। जो लाभार्थी मकान का काम पूरा कराकर सत्यापन करा लेगा उसे शेष सहायता राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।