कोटा

Rajasthan : प्री-वेडिंग शूट के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचा पुलिस-डॉक्टर कपल, जानिए आगे क्या हुआ?

Kota Hospital Pre Wedding Shoot : अस्पताल मरीजों के इलाज के लिए होते हैं, लेकिन कोटा के एमबीएस अस्पताल का 'हेरिटेज लुक' एक कपल को इतना भा गया कि उन्होंने इसे ही अपनी प्री-वेडिंग शूटिंग का सेट बना लिया।

2 min read
Mar 18, 2026
अस्पताल में प्री-वेडिंग शूट: फोटो वीडियो स्क्रीनशॉट

Kota Hospital Pre Wedding Shoot : कोटा। अस्पताल मरीजों के इलाज के लिए होते हैं, लेकिन कोटा के एमबीएस अस्पताल का 'हेरिटेज लुक' एक कपल को इतना भा गया कि उन्होंने इसे ही अपनी प्री-वेडिंग शूटिंग का सेट बना लिया। मध्यप्रदेश के एक पुलिस अधिकारी अपनी डॉक्टर मंगेतर के साथ पूरे तामझाम को लेकर अस्पताल पहुंच गए । इस बीच अस्पताल प्रशासन ने बिना अनुमति चल रही इस शूटिंग को रुकवा दिया। दिलचस्प बात यह है कि प्रशासन ने इसे गलत तो माना, लेकिन अस्पताल की खूबसूरती की तारीफ होने पर खुशी भी जताई।

पुलिस और डॉक्टर के किरदार में शूट

प्री-वेडिंग शूट में लड़का पुलिस की वर्दी में था, जो बाइक से पहुंचा था। उसकी मंगेतर डॉक्टर की वेशभूषा में थी, जिसे अस्पताल में ड्रॉप एवं रिसीव करने का दृश्य शूट किया । उनके साथ कैमरामैन थे। अस्पताल अधीक्षक डॉ. धर्मराज मीणा ने बताया कि रविवार को छुट्टी होने के कारण युवक, जो मध्यप्रदेश में पुलिस अधिकारी बताया गया, अपनी डॉक्टर मंगेतर के साथ शूटिंग के लिए पहुंचा था।

सिर्फ 7 मिनट में रुकी शूटिंग

दोनों ने पुलिस व डॉक्टर की वेशभूषा में करीब 7 मिनट तक अस्पताल भवन के बाहर शूट किया। सूचना मिलने पर प्रशासन ने बिना अनुमति शूटिंग पर आपत्ति जताते हुए उन्हें रोक दिया। अधीक्षक ने कहा कि अस्पताल मरीजों के लिए है, इसलिए यहां बिना अनुमति शूटिंग की अनुमति नहीं दी जाती।

अस्पताल के हेरिटेज लुक ने लुभाया

अस्पताल अधीक्षक डॉ. मीणा ने कहा, यह हमारे लिए गर्व की बात भी है कि बाहर से लोग अस्पताल के हेरिटेज लुक को देखकर प्री-वेडिंग शूट के लिए आ रहे हैं । प्री-वेडिंग शूट के लिए ये लोग लोकेशन देख रहे थे, तब सोशल मीडिया के जरिए ही अस्पताल की बिल्डिंग का फोटो देखा । पसंद आने पर यहां पहुंचे थे ।

कोटा में कई लोकेशन, जहां की जा सकती है प्री-वेडिंग शूट

उन्होंने यह भी कहा कि कोटा में चंबल रिवर फ्रंट, मुकुंदरा हिल्स, रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व और सिटी पार्क जैसी कई लोकेशन हैं, जहां प्री-वेडिंग शूट किया जा सकता है, लेकिन अस्पताल परिसर का उपयोग इस तरह की गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकता।

Published on:
18 Mar 2026 02:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर