कोटा

कोटा बिल्डिंग हादसा : बेटे की चिता के सामने टूट गए पिता, समाज को झकझोर गई अरारन्य की मौत

कोटा के इन्द्र विहार में तीन मंजिला रेस्टोरेंट की बिल्डिंग गिरने से कोचिंग छात्र अरारन्य कर्माकर की मौत ने सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर दिया है।

2 min read
Feb 09, 2026
मृतक कोचिंग छात्र अरारन्य कर्माकर: फोटो पत्रिका नेटवर्क

कोटा। इन्द्र विहार में तीन मंजिला रेस्टोरेंट की बिल्डिंग गिरने से कोचिंग छात्र अरारन्य कर्माकर की मौत ने सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर दिया है। सोमवार को पश्चिम बंगाल से कोटा पहुंचे अरारन्य के पिता अभिजीत कर्माकर की आंखों में बेटे को खोने का दर्द साफ झलक रहा था। उनकी मौजूदगी में रेलवे स्टेशन क्षेत्र के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।

ये भी पढ़ें

कोटा हादसा: बिरयानी खाने आया था लक्ष्मण, मलबे में दबकर चली गई जान, रेस्टोरेंट संचालक का पैर कटा

'मैंने बेटे को फोन किया तो वह रो रहा था'

अभिजीत ने भारी मन से बताया कि हादसे वाले दिन अरारन्य और उसकी मां लैपटॉप किराए पर लेने गए थे। दुकान पर लैपटॉप उपलब्ध नहीं होने पर दुकानदार ने आधे घंटे बाद आने को कहा। दोनों वापस हॉस्टल लौट आए और रात करीब 9 बजे पैदल ही दोबारा दुकान की ओर निकले, तभी अचानक ऊपर से पूरी बिल्डिंग गिर पड़ी और दोनों उसके नीचे दब गए। मैंने रात 9 बजे बेटे को फोन किया, वह रो रहा था, मदद मांग रहा।

कुछ देर बाद कोटा से फोन आया कि बेटा गंभीर है और अस्पताल में भर्ती है। जब वे हॉस्टल संचालक के संपर्क में आए और अस्पताल पहुंचे, तब तक अरारन्य की मौत हो चुकी थी। बाद में पता चला कि पत्नी भी गंभीर रूप से घायल है। सरकारी अस्पताल में भर्ती पत्नी को निजी अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। हादसे के वक्त यह बात सामने आई थी कि मां-बेटे रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे और दबने से हादसा हो गया।

15 दिन पहले ही पिता कोटा से गए थे

अरारन्य दो वर्षों से कोटा में रहकर आइआइटी की तैयारी कर रहा था। पिता बताते हैं कि बेटा पढ़ाई को लेकर तनाव में न रहे, इसलिए एक माह पहले उसकी मां भी कोटा आकर उसके साथ रहने लगी थी। मैं 15 दिन पहले ही कोटा से गया था। 15 फरवरी को वापस आने वाला था, टिकट भी कट चुका था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि परिवार के दर्द को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। सरकार व प्रशासन से एक ही मांग है कि आगे से ऐसा हादसा नहीं हो। ऐसे मामलों की रोकथाम होनी चाहिए। इस मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें

FSL जांच में खुलासा, कोटा बिल्डिंग गिरने की ये निकली वजह, 5 इमारतों को गिराने का नोटिस, 2 की मौत, 6 घायलों का इलाज जारी

Published on:
09 Feb 2026 08:41 pm
Also Read
View All

अगली खबर