चालान काट रहे पुलिस कर्मियों पर युवक ने किया लाठी से हमला, मामला दर्ज
कोटा. यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए चालान काट रहे यातायात पुलिस के दो सिपाही पर एक युवक ने लाठी से हमला कर दिया। इसमें एक पुलिस कर्मी के मामूली चोट आई हैं। रामपुरा पुलिस ने बताया कि फू टा कोट के पास सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे सिपाही इनायत और मनोज चालान काट रहे थे। इस दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर आया, पुलिस कर्मियों ने उसे रोकना चाहा तो वह बचकर निकल गया। कुछ देर बाद वो युवक पैदल वापस आया और दोनों पुलिसकर्मियों के साथ लाठी से मारपीट कर दी। हमले में मनोज बच गया, लेकिन इनायत के हाथ में चोट आई। मारपीट के बाद युवक फ रार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों की पालना सभी को करनी चाहिए। नियमों की पालना नहीं करने पर निरंतर कार्रवाई की जाएगी। उधर, गौरतलब है कि दो दिन पहले बोरखेड़ा पुलिस के सहायक उप निरीक्षक रात्रिकालीन कफ्र्यू के दौरान जबर्दस्ती ठेले बंद करवा रहे थे। इस दौरान उन्होंने गुस्से में एक महिला व युवक को डण्डे मार दिए थे, इसका वीडियो वायरल हो गया था। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी ने एएसआई को निलम्बित कर दिया था।