कोटा

पापड़ी तिराहे पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव

Aug 05, 2026
Rajasthan

ग्रामीणों ने की प्रतिक्षालय, शौचालय व सर्किल निर्माण की मांग
बड़ाखेड़ा. कोटा-लालसोट-दौसा मेगा हाइवे पर स्थित पापड़ी तिराहा आसपास की चार ग्राम पंचायतों बड़ाखेड़ा, बंसवाड़ा, माखीदा और खरायता के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए प्रमुख आवागमन केंद्र है। यहां से प्रतिदिन ग्रामीण कोटा, बूंदी, जयपुर सहित अन्य शहरों के लिए सफर करते हैं, लेकिन तिराहे पर आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

यात्रियों के लिए न तो प्रतिक्षालय की व्यवस्था है और न ही पेयजल की सुविधा। बस का इंतजार करने वाले लोगों को खुले में खड़ा रहना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को शौचालय नहीं होने के कारण उठानी पड़ती है। वहीं, पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को सड़क पार कर चाय की दुकानों से पानी लेना पड़ता है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से आने-जाने वाले कई वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे यहां यातायात लगातार बढ़ रहा है।

बढ़ेगा यातायात

मेज नदी पर बन रही नई पुलिया का सड़क निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। पुलिया पर आवागमन शुरू होते ही पापड़ी तिराहे पर वाहनों की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होगी। ऐसे में स्थानीय ग्रामीण जगदीश वाल्मीकि, छीतर लाल प्रजापत, राकेश मीणा और बुद्धि प्रकाश मीणा ने तिराहे पर सर्किल निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि बढ़ते यातायात को देखते हुए बिना सर्किल के वाहन चालकों को मोड़ लेने में परेशानी होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ेगी।

हादसों का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि पापड़ी तिराहे पर स्पीड ब्रेकर भी नहीं हैं। तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तिराहे पर प्रतिक्षालय, शौचालय, पेयजल, स्पीड ब्रेकर, हाईमास्ट लाइट तथा सर्किल का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि यात्रियों को सुविधा मिले और सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Updated on:
05 Aug 2026 06:01 am
Published on:
05 Aug 2026 06:01 am