
मंगला पशु बीमा योजना से वंचित करने की होगी कार्रवाई
बूंदी. पानी, बिजली और चिकित्सा संबंधी आवश्यक सेवाओं की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विकास, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कलक्टर ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़कों को मवेशी मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उन स्थानों को चिह्नित करने को कहा जहां आमतौर पर पशु जमा होते हैं। सड़कों से पकड़े गए पशुओं को गोशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहली बार पशु छुड़वाने पर छोटे पशु के लिए 1,000 रुपए और बड़े पशु के लिए 2,000 रुपए का जुर्माना देना होगा। दूसरी बार पकड़े जाने पर छोटे पशु के लिए 2,000 और बड़े पशु के लिए 5,000 रुपए वसूले जाएंगे। यदि कोई पशुपालक तीसरी बार भी अपने पशुओं को सड़क पर छोड़ता है, तो पशु को जब्त कर लिया जाएगा और संबंधित पशुपालक को 'मंगला पशु बीमा योजना' के लाभ से वंचित करने की कार्रवाई की जाएगी। जिला कलक्टर ने बूंदी बायपास को 'फूलों की घाटी' के रूप में विकसित करने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, आगामी स्वतंत्रता दिवस से पहले सभी सरकारी विभागों में अपने कार्यालयों की साफ-सफाई और सुव्यवस्थित करने के लिए कार्य योजना बनाकर कार्य करने को कहा।
अवैध खनन पर लगाओ रोक
बैठक में जिला कलक्टर ने अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने और इसमें लिप्त परिवहन वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने डाबी में सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अलावा, शंभू सागर के गेट की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं और सर्पदंश से मृत व्यक्तियों के आश्रितों को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध करवाई जाए। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने सभी को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Updated on:
05 Aug 2026 06:02 am
Published on:
05 Aug 2026 06:02 am
