कोटा

बजट का अभाव, जख्म दे रही सड़कें

- दो साल से बंद पड़ा काम
2 min read
• •
Updated: 18 Dec 2020, 11:31 PM IST
sangod, kota
सांगोद क्षेत्र में बजट के अभाव में अधूरी पड़ी सड़क पर फैली गिट्टी।

सांगोद. क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के पहले से बंद पड़ा नई सड़कों का काम दो साल बाद भी शुरू नहीं हो सका। चुनाव के पहले भाजपा सरकार ने सड़कों की स्वीकृति देकर काम तो शुरू करवा दिए लेकिन चुनाव के बाद सत्ता में आई कांग्रेस सरकार बजट जारी करना ही भूल रही है। ऐसे में सड़कों का काम बीते दो साल से बंद पड़ा है। अधूरी सड़कें वाहन चालकों को जख्म दे रही है। उखड़ी पड़ी सड़कों पर बने कई फीट के गड्डों में वाहन चालकों को भी हिचकोले खाते हुए सफर करना पड़ रहा है। मार्गो पर धूल के गुबार से वाहन चालक परेशान है तो टूटी सड़कों पर वाहनों की मरम्मत का खर्चा भी बढ़ रहा है। आए दिन कई दुपहिया वाहन चालक गिट्टी में फिसलकर चोटिल हो रहे है। लेकिन बजट के अभाव में संवेदक भी काम पूर्ण करने से पीछे हट रहे है। जिसका खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। अधूरी सड़कों पर आवागमन करना वाहन चालकों के लिए खासा चुनौतीभरा साबित हो रहा है। लेकिन सरकार सड़कों का कार्य पूर्ण करवाने को लेकर बजट जारी नहीं कर रही। सांगोद क्षेत्र में बजट के अभाव में करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाले गौरव पथ, तीन बड़ी सड़कों समेत आधा दर्जन से अधिक छोटी सड़कों का काम रूका हुआ है।

यहां भी रेंग रहा निर्माण
क्षेत्र में विनोद से मंडाप तथा कुंदनपुर से घानाहेड़ा सड़क का काम बीते दो साल से बंद पड़ा है। विधानसभा चुनाव के पूर्व स्वीकृत लक्ष्मीपुरा से पनवाड़ वाया बोरीनाकलां सड़क का काम जरूर चल रहा है।
जनप्रतिनिधियों के दबाव में विभाग ने जैसे तैसे इस सड़क का काम तो शुरू करवा दिया लेकिन अब बजट नहीं मिल रहा। लेकिन इसका काम भी रेंग-रेंग कर चल रहा है। जिससे यहां भी वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।

बजट देना भूली सरकार
विधानसभा चुनाव के पूर्व भाजपा सरकार ने सड़कों का काम युद्धस्तर पर शुरू करवाया। लोगों को उम्मीद थी की तय समय पर काम पूर्ण होने से लोगों की आवागमन की राह सुलभ होगी। लेकिन राज्य में सत्ता बदलने के साथ ही लोगों की उम्मीदें भी टूट गई। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद से भाजपा सरकार में स्वीकृत सड़कों के लिए बजट जारी नहीं किया। ऐसे में संवेदकों ने भी बिना बजट काम बंद रखा है।

बजट के अभाव में सड़कों का काम शुरू नहीं हो पा रहा। बोरीनाकलां सड़क का काम चल रहा है। अन्य सड़कों का कार्य बजट आने के बाद ही शुरू हो सकेगा।
कमल कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी

Published on: