कोटा

देर रात शादी में जा रहे परिवार के साथ दो बाइक सवार युवकों ने की मारपीट

महावीर नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात शादी में जा रहे परिवार के साथ दो बाइक सवार युवकों ने जमकर मारपीट की।
2 min read
May 22, 2023
photo_2023-05-22_16-31-22.jpg

महावीर नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात शादी में जा रहे परिवार के साथ दो बाइक सवार युवकों ने जमकर मारपीट की। गाली गलौच करते हुए कार में तोड़फोड़ कर डाली। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।

पीड़ित समाजसेवी भुवनेश गुप्ता ने बताया कि रविवार रात खड़े गणेशजी मंदिर के पास एक मैरिज गार्डन में शादी समारोह में जा रहे थे। रात 10.45 बजे धरणीधर मैरिज गार्डन के पास दो अलग-अलग बाइकों पर सवार युवक आए और कार के आगे बाइक खड़ी कर दी। अचानक गाड़ी आगे खड़ी करने से कार रोकनी पड़ी। कार रुकते ही दो युवक बाइक से उतरकर आए और गाड़ी का गेट खोलकर मुझसे मारपीट करने लग गए। मारपीट की घटना से गाड़ी में पीछे बैठी मां-पत्नी व बच्चे चिल्लाने लगे। उन्होंने मां शकुंतला गुप्ता व पत्नी डॉ. शिप्रा गुप्ता से भी मारपीट की। गाली गलौच की। परिजनों संग मारपीट होती देखे बेटा नमन व बेटी भव्या व तीन अन्य बच्चे घबरा गए और चिल्लाने लगे। मारपीट कर रहा एक युवक पत्नी का पर्स भी ले गया। गुप्ता ने बताया कि दोनों युवकों की बाइकों पर दूध के चरे बंधे हुए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने अपना क्षेत्र नहीं होने की बात कहकर टाला
गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत महावीर नगर थाने दी। वहां से पुलिस की गाड़ी आई और यह कहकर चली गई कि यह क्षेत्र आरकेपुरम थाने का है। इसके बाद आरकेपुरम थाना फोन किया तो वहां से मौके पर पुलिस की गाड़ी आई और उन्होंने भी अपना क्षेत्र नहीं होने की बात कह अनन्तपुरा थाने जाने की बात कही। गुप्ता ने बताया कि महावीर नगर थाने की गाड़ी आई, उसी दौरान दोनों युवक वहां से भागे थे, पुलिस को बताया भी कि आरोपी इधर गए हैं, लेकिन पुलिस वहां खड़ी हो गई, जबकि पुलिस चाहती तो आरोपियों को पकड़ सकती थी। पुलिस की इसी कार्यशैली से आमजन में पुलिस का विश्वास नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस के क्षेत्राधिकार में ही 1 घंटा बीत गया। इधर, महावीरनगर थानाधिकारी परमजीत ने बताया कि घटना स्थल हमारे क्षेत्र का नहीं है, जिस थाने का हो उनसे बात करो।

Published on:
22 May 2023 04:40 pm