
शादी की रात को ही कई जगह से आभूषण व नकदी लेकर हुई फरार
बूंदी. इंद्रगढ़. फरार चल रही लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वर्ष 2016 में मुकदमा दर्ज किया था। थाना प्रभारी पुरुषोत्तम महेरिया ने बताया कि लाखेरी कस्बे के बायपास के निकट रहने वाली ममता उर्फ सोनिया उर्फ कमला उर्फ सोनू उर्फ संतोष मीणा ने नाम बदल-बदल कर शादी रची थी और फिर उसी रात पति के घर से जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाती थी।
वर्ष 2016 में नवलपुरा निवासी महावीर मीणा ने इंद्रगढ़ थाने में रिपोर्ट सौंपी जिसमें बताया था कि उक्त महिला ने उससे शादी रचाई और उसी रात घर में रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई। महिला ने शादी रचाने के लिए बसवाड़ा गांव का एक दलाल मदनलाल मीणा रखा हुआ था। जो लोगों से संपर्क कर उसकी शादी कराने का वादा करता था। बदले में रकम लेकर इस महिला से उसकी शादी करवा देता था। महिला शादी की रात को ही जेवर और नगदी लेकर फरार हो जाती थी।
BIG News: अब कोटा तैयार करेगा परमाणु वैज्ञानिक, राजस्थान की पहली यूनिवर्सिटी बनेगी आरटीयू
महिला के खिलाफ लाखेरी थाने में भी शादी रचाकर फरार होने का मामला दर्द है। लाखेरी पुलिस ने भी इसे गिरफ्तार किया था। दलाल ने नवलपुरा निवासी महावीर मीणा से इस महिला की शादी कराने के एक लाख 40 हजार रुपए लिए थे। उक्त प्रकरण में दलाल की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। इंद्रगढ़ न्यायालय में महिला के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल होने के बाद न्यायालय ने वारंट जारी कर रखा था। इस पर उसे जयपुर से गिरफ्तार किया गया। महिला को यहां न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश कुमार के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसे जेल भेज दिया। महिला की तलाशी के लिए पुलिस ने टीम गठित की थी जिसमें कांस्टेबल बृजेंद्र सिंह, रामचंद्र व नैनवां थाने के राजेंद्र टोगडा को शामिल किया गया।