हवाईअड्डा परिसर में सूखी घास में लगी भीषण आग
कोटा. हवाई अड्डा परिसर में सोमवार देर रात अचानक सूखी घास में भीषण आग लग गई है। सूचना पर नगर निगम की दमकलें मौके पर पहुंची और करीब ढाई घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई है। और न एयरपोर्ट को नुकसान हुआ है। सहायक अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि रात करीब 11.30 बजे एयरपोर्ट पर आग लगने की सूचना पर सब्जीमंडी कार्यालय से दमकलें भेजी गई। आग की विकरालता को देखते हुए श्रीनाथपुरम् स्टेशन से दो दमकलें रवाना कर दी गई थी। इसके अलावा नागरिक सुरक्षा अनुभाग की भी दमकल मौके पर पहुंची। आधा दर्जन दमकलों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सूखी घास होने के कारण आग काफी तेजी से फैल रही थी। इससे आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। आग करीब पांच सौ मीटर तक फैल गई थी। आग हवाई पट्टी तक पहुंच गई थी।
हर साल लगती है आग
हर साल गर्मी में एयरपोर्ट पर सूखी घास में आग लगने की घटनाएं होती है, लेकिन हवाई अड्डा प्रशासन इससे कोई सबक नहीं लेता है। अग्निशमन अनुभाग के कर्मचारियों का कहना है कि गर्मी शुरू होने से पहले सूखी घास की कटाई करवा दी जाए तो हवाई अड्डे पर आगजनी की घटना पर अंकुश लग सकता है। पिछले तीन-चार साल से लगातार एयरपोर्ट पर आग लगने की घटनाएं हो रही है।