
कोटा. मासूम बच्चों के साथ अपराधों में पुलिस किस लापरवाही से काम करती है। इसका उदाहरण शनिवार को रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में देखने को मिला। एक मासूम बालिका से छेड़छाड़ कर गला घोट रहे एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया तो पुलिस ने उसे पागल बताकर छोड़ दिया।
रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की गांधी कॉलोनी स्थित नहर का काम चल रहा है। मजदूरों के बच्चे वहीं आसपास खेल रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति एक मजदूर की नौ साल की बच्ची को नहर के पास वाले गड्ढे में ले गया। उसने उसके कपड़े फाड़ दिए और गला दबाने लगा।
इन्होने दिखाई हिम्मत
प्रत्यक्षदर्शी बंधा धर्मपुरा निवासी शंकर महावर ने बताया कि नहर के पास से गुजरते हुए बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। रुककर देखा तो एक अधेड़ ने बच्ची का गला दबा रखा था और उसके कपड़े फाडऩे की कोशिश कर रहा था। उन्होने वहां से गुजर रहे दूसरे लोगों को भी रुकवाया और करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद बच्ची को उस व्यक्ति से छुड़वाया गया। इस दौरान मजदूर माता-पिता के आने पर बच्ची उन्हें सौंप दी और बदमाश की पिटाई के बाद में पुलिस को सौंप दिया।
पागल था, इसलिए छोड़ दिया
लोगों की सूचना पर एक युवक को पकड़ कर थाने पर लाए थे, जिसने थाने पर भी पत्थर मारने की कोशिश की। उस व्यक्ति की बिगड़ी मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे छोड़ दिया।
रामसहाय, एएसआई रेलवे कॉलोनी थाना
-----------------
12 घंटे बंद रही ओपीडी सेवाएं, निजी अस्पतालों में नहीं मिला मरीजों को उपचार
कोटा. एनएमसी बिल के विरोध में इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर कोटा में आईएमए से जुड़े निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने शनिवार को 12 घंटे ओपीडी सेवाएं बंद रखी। आसपास के गांवों से आने वाले कई मरीजों को हड़ताल की सूचना नहीं होने से इलाज के अभाव में निराश लौटना पड़ा। चिकित्सक कक्ष के बाहर कतार लगी रही। उन्हें सरकारी अस्पतालों की ओर रुख करना पड़ा। इससे पहले कोटा में ओपीडी सेवाएं सुबह 6 से शाम 6 बजे तक बंद रखी गई।
सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू रही
अस्पतालों में सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चालू रही। चिकित्सकों ने इमरजेंसी केस, भर्ती मरीजों की देखभाल व डिलीवरी केस ही देखे।