
कोटा . भाजपा विधायक भवानीसिंह राजावत और नगर विकास न्यास अध्यक्ष आर.के. मेहता न्यास में कथित भ्रष्टाचार की शिकायतों को लेकर आमने-सामने हो गए। राजावत का कहना है कि न्यास में बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता। राजावत के उठाए गए सवालों पर न्यास अध्यक्ष आरके मेहता ने कहा, यदि विधायक के पास ऐसी जानकारी है तो वे साबित करें कि न्यास में भ्रष्टाचार है।
Breaking News: देर रात सरकार ने 81 आईएस अफसरों का किया तबादला, गौरव गोयल बने कोटा कलक्टर
किसी का कार्य नहीं होता तो लोगों को अध्यक्ष और अधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए। काम सही है तो किसी को पैसे देने की क्या जरूरत है। आरोप लगाने के बजाय प्रमाण पेश करें, ताकि सही मायनों में सुधार आए।
विधायक राजावत के सवाल
सवाल: आपने बैठक में न्यास में बिना लेन-देन के कार्य नहीं होने के आरोप लगाए हैं, क्या आरोप सही हैं?
जवाब: हां जनता में न्यास को लेकर ऐसी धारण है, इसलिए मैंने ऐसा कहा था।
सवाल: जो मामले भ्रष्टाचार के आए हैं, उनमें से चार-पांच बताएं?
जवाब: अब ऐसे याद नहीं है, आए दिन मामले सामने आते रहते हैं।
सवाल: जब आपने आरोप लगाया तो कुछ तो याद होगा, याद करके बताएं?
जवाब: सुरेश नाम के कार्यकर्ता के पट्टे का मामला छह माह से अटका है, बाबू के स्तर पर पैसे मांगने की बात सामने आई है। दूसरे कार्यकर्ता से विक्रय अनुमति के मामले में पैसे की मांग की गई।
सवाल: इसमें आपकी सरकार की ओर से नियुक्त अध्यक्ष भी सवालों के घेरे में हैं?
जवाब: हां वे भी व्यवस्था के लिए जिम्मेदार हैं, पर माहौल सुधरना चाहिए।
यूआईटी अध्यक्ष के जवाब
सवाल: विधायक राजावत ने न्यास में भ्रष्टाचार व्याप्त होने का आरोप लगाया है?
जवाब: बिना तथ्यों के आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए, विधायक भ्रष्टाचार साबित करके दिखाएं।
सवाल: विधायक जिम्मेदार व्यक्ति हैं और आरोप गंभीर लगा रहे हैं, आप क्या कहते हैं?
जवाब: भ्रष्टाचार की जानकारी है तो विधायक बताएं, किससे किसने पैसे मांगे, ऐसे आरोप शोभा नहीं देते।
सवाल: क्या न्यास में भ्रष्टाचार नहीं होता, क्या कार्यों में देरी नहीं होती?
जवाब: किसी से कोई पैसे मांगे तो उसकी शिकायत करें, जिनका उदाहरण दे रहे हैं वो मेरे से नहीं मिले न कहीं शिकायत की। कार्य में देरी हो तो मुझे और उच्च अधिकारियों को बताना चाहिए।
सवाल: आपकी पार्टी के विधायक ही आरोप लगा रहे हैं, इस बारे में क्या कहना है?
जवाब: यह उनका विवेक है कि क्या बोलते हैं।