
कोटा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से किसानों से सीधा संवाद करेंगे। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री मुकुट नागर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को देश के चुनिंदा जिलों के किसानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करेंगे।
यह कार्यक्रम मिनिस्ट्री ऑफ़ इलेक्ट्रॉनिक व भाजपा किसान मोर्चा की ओर से सुबह नौ बजे यूआईटी ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। जो प्रदेश में सिर्फ कोटा संभाग में ही आयोजित किया जाएगा। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्टार्ट अप से जुडे युवाओं और भामाशाह योजना के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बात कर केन्द्रीय योजनाओं के बारे में चर्चा की थी।
घर में लहसुन जमाते समय किसान की तबीयत बिगड़ी, मौत
बारां. गोवर्धनपुरा गांव में शनिवार रात एक किसान की संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हो गई। मृतक के पुत्र ने लहसुन के भाव कम मिलने के कारण सदमे के चलते पिता की मृत्यु होने की बात कही है। सदर थाना प्रभारी आशीष भार्गव ने बताया कि मृतक द्वारकालाल (57) शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर पर सफाई कर लहसुन के कट्टों को जमा रहा था। इसी दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन जिला चिकित्सालय ले गए तो चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन लाख का था कर्ज
जिला चिकित्सालय में मृतक के पुत्र धनराज ने बताया कि हमने 23 बीघा में लहसुन की फसल की थी। शनिवार को दिनभर तो मजदूरों से लहसुन कटवाया। शाम को कट्टे जमाते समय तबीयत बिगडऩे से पिताजी अचेत होकर गिर पड़े। लहसुन के भाव कम मिलने से वे सदमे में था। पूर्व में सौ कट्टे लहसुन भी 6 से 7 रुपए किलो बिका था। करीब तीन लाख का बैंक का ऋण होने से भी वे तनाव में थे।
जिले में चौथी घटना
जिले में लहसुन किसानों की मौत के इस वर्ष चार मामले सामने आए हैं। इससे पहले अटरू तहसील के रहलाई गांव निवासी कृषक रेवड़ीलाल मेघवाल द्वारा सल्फास का सेवन करने से 19 अप्रेल को उसकी मृत्यु हुई थी। वहीं गत 8 मई को निकटवर्ती खैराली गांव निवासी एक किसान ने आर्थिक तंगी व कर्ज से परेशान होकर पेड़ पर लटककर आत्महत्या कर ली थी। 23 मई को कवाई थाना क्षेत्र के बलदेवपुरा गांव में एक किसान ने विषाक्त खाकर आत्महत्या कर ली थी।