
कैथून. क्षेत्र में शनिवार को आए अंधड़ से कई गांवों के घरों के टीन-टप्पर उड़ गए। वहीं, बारिश से कृषि जिंस भिगने से बर्बाद हो गई। जानकारी के अनुसार भाण्डाहेड़ा, रेलगांव, चौम, बम्बोली, बीबू चौमा सहित कई गांवों में अंधड़ से किसानों को काफी नुकसान हुआ। बम्बोली गांव में तालाब किनारे एक घर की छत पर लगे टीन-टप्पर उड़ कर गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं, कृषि जिंस भिगने से खराब हो गई। इसी तरह रेलगांव किसान रामप्रसाद मीणा द्वारा सवा लाख खर्च कर फसल भण्डारण के लिए लगाया गया टीनशेड उखड़कर खाल में गिर गया। ग्यारसीलाल मालव का टीनशेड क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, कन्हैयालाल मालव के घर में लगा नीम का पेड़ मकान पर गिर गया और लहसुन भीग गया।
इसी तरह कई जगहों पर किसानों को अंधड़ से काफी नुकसान हुआ। उन्होंने सरकार से नुकसान का सर्वे करवाकर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की।
किसानों की तैयारियों पर पानी
कस्बे में किसानों ने खरीफ की बुवाई शुरू कर दी है। धान की फसल के लिए खेतों में क्यारियां बनाकर बिजली कनेक्शन व पम्पों को तैयार कर लिया। लेकिन, शनिवार को आए अंधड़ ने किसानों की तैयारियों पर पानी फेर दिया। कई किसानों के बिजली पोल उखड़ गए तो कई खेतों में डीपी टूट गई।
रेलगांव के देवीलाल मालव व बीबू चौमा गांव के किसान द्वारकालाल मीणा के खेत में लगे बिजली के पोल टूट कर गिर गए। इससे किसानों को नुकसान हुआ।
Read More: आईबी ऑफिसर की जिंदगी की कीमत सिर्फ 20 हजार
आधा दर्जन बिजली के खंभे गिरे
अरण्डखेड़ा. कस्बे में शनिवार शाम आए अंधड़ से ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ। मकानों की छतों पर लगे टीन-टप्पर उड़कर गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, कृषि जिंस बारिश से भिगकर खराब हो गई।
क्षेत्र के अरण्डखेड़ा, दीपपुरा, बनियानी, बडोदिया सहित दो दर्जन घरों टीनशेड गिर गए। दीपपुरा बस्ती में एक महिला को चोट लगी। जिसका कैथून अस्पताल में इलाज करवाया। तेज बारिश व अंधड़ के कारण कालबेलिया बस्ती में आधा दर्जन खंभे गिर गए। इससे क्षेत्र के कई हिस्सों में बिजली बंद हो गई।
तेज हवा के साथ मूसलाधार
सीमलिया. क्षेत्र में शनिवार रात 8 बजे तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इससे लोगों को जहां गर्मी-उमस से राहत मिली वहीं, अंधड़ से मकानों की छत से टीन-टप्पर उड़कर क्षतिग्रस्त होने से परेशानी हुई। कस्बे के कमलपुरा में एक मकान के चद्दर उड़ कर गिर गए। गढ़ेपान पंचायत के जनकपुर गांव में छोटूलाल मालव के घर पर 150 फीट का टीनसेट उड़कर दूसरे के मकान में जा गिरे।
इससे फरीद खान के मकान को नुकसान पहुंचा। धोरी गांव में दो जनों के मकान के टीन-टप्पर उड़ गए। इसी तरह रेल गांव में भी लोगों को नुकसान पहुंचा। सूचना पर जिला परिषद सदस्य प्रेम गोचर, गढ़ेपान पंचायत की सरपंच कृतिका मीना, सामाजिक कार्यकर्ता बुद्दीप्रकाश मीना ने धोरी, जनकपुर, रेलगांव, सीमलिया व कमलपुरा पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होुंने सरकार से नुकसान का सर्वे करवा कर ग्रामीणों को आर्थिक सहायता दिलवाने की मांग की।
सुहाना मौसम ने दी राहत
इटावा. कस्बे में सुबह से ही मौसम सुहाना रहा। दोपहर को आसमान में बादल छाए रहे। लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन विद्युत व्यवधान ने लोगों को परेशान किया।