कोटा

NEET 2024 Result : नीट के इतिहास में पहली बार राजस्थान के 11 स्टूडेंट्स का कमाल, 720 में से 720 अंक लाकर रचा इतिहास

NEET Toppers of Rajasthan : नीट यूजी के इतिहास में यह एक रेकॉर्ड बना है। जिसमें इतनी बड़ी संख्या में कैंडिडेट परफेक्ट स्कोर बना पाए हैं।
2 min read
Jun 05, 2024
NEET Toppers of Rajasthan

NEET Toppers of Rajasthan : कोटा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट यूजी-2024) का परीक्षा परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया। नीट के इतिहास में पहली बार देशभर से 67 स्टूडेंट्स ने 720 में से 720 अंक हासिल कर परफेक्ट स्कोर प्राप्त किया है। सभी स्टूडेंट्स को ऑल इंडिया-1 रैंक जारी की गई है। सूची में 67 में से 11 विद्यार्थी राजस्थान से हैं। सौ फीसदी अंक लाने वालों में 16 प्रतिशत विद्यार्थी राजस्थान के हैं। इसमें कोटा कोचिंग का बड़ा योगदान रहा।

नीट 5 मई को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में 23 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे। जिसमें 10 लाख छात्र और 13 लाख छात्राएं शामिल हुई थी। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि राज्यवार नीट यूजी प्रवेश परीक्षा के सफलता पैटर्न में कोई परिवर्तन नहीं आया है। वर्ष 2024 में भी वर्ष 2023 का इतिहास ही दोहराया गया है।

वर्ष 2024 में भी राजस्थान राज्य तीसरे स्थान पर है। प्रथम स्थान पर उत्तर प्रदेश, द्वितीय स्थान पर महाराष्ट्र है। उत्तर प्रदेश से 1.65 लाख विद्यार्थियों ने, महाराष्ट्र से 1.42 लाख, राजस्थान से 1.21 लाख विद्यार्थियों ने क्वालीफाई किया है। 720 में से 720 परफेक्ट स्कोर हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से राजस्थान देश में नंबर वन है। आठ अभ्यर्थियों के साथ तमिलनाडु दूसरे और 7 विद्यार्थियों के साथ महाराष्ट तीसरे स्थान पर रहा।

राजस्थान से 4 छात्राओं ने प्राप्त किया परफेक्ट स्कोर

राजस्थान से 4 छात्राओं ने परफेक्ट स्कोर 720 में से 720 अंक प्राप्त किए। राजस्थान से प्राचिता, ईशा कोठारी, ईरम काजी, जाहृवी ने परफेक्ट स्कोर हासिल किया। राजस्थान से 7 छात्र सौरव, आदर्श सिंह, शशांक, श्याम, ध्रुव गर्ग, देवेश जोशी तथा समित कुमार ने परफेक्ट स्कोर प्राप्त किया।

इससे पहले केवल 7 अभ्यर्थी पहुंचे परफेक्ट स्कोर पर

नीट यूजी के इतिहास में यह एक रेकॉर्ड बना है। जिसमें इतनी बड़ी संख्या में कैंडिडेट परफेक्ट स्कोर बना पाए हैं। जबकि बीते 4 साल में से 3 बार (2020, 2021 और 2023) में परफेक्ट स्कोर बना है। साल 2022 में परफेक्ट स्कोर नहीं बना था। बीते चार सालों में महज 7 कैंडिडेट अब तक परफेक्ट स्कोर बना पाए हैं।

2020 में नीट यूजी परीक्षा में रचा था इतिहास

नीट यूजी 2020 में परफेक्ट स्कोर 720 में से 720 अंक लाने का रेकॉर्ड बना था। कोटा से कोचिंग कर रहे उड़ीसा निवासी शोएब आफताब और दिल्ली में पढ़ी आकांक्षा सिंह ने यह रेकॉर्ड बनाया था। यह नीट यूजी परीक्षा के इतिहास में पहली बार हुआ था कि कोई कैंडिडेट पूरे में से पूरे अंक लाया था। दो स्टूडेंट के समान अंक लाने पर टाई ब्रेकिंग क्राइटेरिया लागू किया गया था। जिसमें शोयब आफताब की उम्र ज्यादा होने के चलते ऑल इंडिया रैंक वन मिली थी।

साल-दर-साल बढ़ रहे क्वालिफाइ करने वाले स्टूडेंट्स

1.प्रथम स्थान-उत्तर प्रदेश
वर्ष-2024 : 1.65-लाख
वर्ष-2023 : 1.39-लाख
वर्ष-2022 : 1.17-लाख

2.द्वितीय स्थान-महाराष्ट्र
वर्ष-2024 : 1.42-लाख
वर्ष-2023 : 1.31-लाख
वर्ष-2022 : 1.13-लाख

3.तृतीय स्थान-राजस्थान
वर्ष-2024 : 1.21-लाख
वर्ष-2023 : 1.00-लाख
वर्ष-2022 : 0.82-लाख

Updated on:
05 Jun 2024 09:01 am
Published on:
05 Jun 2024 09:01 am