कोटा

पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों का कर दिया सत्यानाश

शहर में पाइप लाइन बिछाने के लिए नई सड़कों को खोद डाला, लेकिन सड़कों से मलबा नहीं हटाया और ही सड़कों को दुरुस्त नहीं किया!
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2017, 3:42 PM IST
Pipeline, New roads, Bad roads, Accidents, Sanjay Gandhi Nagar,Vigyan nagar , Municipal Kota, Public disturbance, Deputy Mayor Sunita Vyas,, Kota, Kota Patrika, Kota Patrika News, Rajasthan Patrika
bad roads

पाइप लाइन बिछाने के लिए इन दिनों शहर में सड़कों की खुदाई चल रही है। एक-दो महीने पहले बनी सड़कों को ड्रिल से खोद जा रहा है। खोदने के बाद दुरुस्त नहीं करने से अंदर जाने के रास्ते ही बंद हो गए। इस कारण लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। एमबीएस अस्पताल से अदालत चौराहे तक नई सड़क को खोद दिया। मलबा अभी तक सड़क पर ही फैला पड़ा है। इसे पार कर मरीजों को जांच करवाने के लिए जाना पड़ता है। ऊबड़-खाबड़ सड़क के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। सिविल लाइंस में पिछले दिनों खोदी गई सड़क अभी तक दुरुस्त नहीं हुई है, जबकि प्रशासन का अमला यहां रहता है। संजय गांधी नगर और विज्ञान नगर में भी हाल ही बनी सड़क को खोद दिया। विज्ञान नगर में मजिस्द वाली गली में मलबा जस का तस पड़ा है।

घरों के रास्ते बंद

छावनी स्थित नगर निगम कॉलोनी क्षेत्र में एक सप्ताह पहले सड़क की खुदाई की गई थी। पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया। मलबा रास्तों में ही पड़ा है, इस कारण लोगों को आने-जाने में खासी परेशानी होती है। कई घरों के तो रास्ते ही बंद हो गए। इस कारण गाडि़यों को बाहर खड़ा करना पड़ता है। नगर निगम कॉलोनी निवासी राघव भार्गव ने बताया कि 11 दिन पहले पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन अभी तक दुरुस्त नहीं की गई। निगम और न्यास के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

आए और खोद कर चले गए

नयापुरा खाई रोड पर नए नाली व फुटपाथ के लिए ठेकेदार ने पुरानी नाली और फुटपॉथ के फर्श को तो खुदवा दिया, लेकिन दूसरे दिन से ही ठेकेदार व उसके कर्मचारी गायब हैं। सड़क पर जमा मलबे व फुटपाथ के उखड़े फर्श के चलते लोगों व दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल तो जैसे-तैसे निकल जाते हैं, लेकिन दुपहिया वाहन निकालने में गिरने व चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। यहां करीब 20 फीट चौड़ा फुटपाथ है, लेकिन कुछ लोगों ने इस फुटपॉथ पर निर्माण कर इसे पहले ही खत्म कर दिया है। उप महापौर सुनीता व्यास ने कहा कि छावनी में पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। यह पूरा होते ही सड़क को दुरुस्त करवा दिया जाएगा। काम चलने से परेशानी लाजिमी है।

Published on: