कोटा

कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे

संक्रमित क्षेत्र के कार्मिकों की आवाजाही पर भी रहेगी रोक, क्वारंटाइन व्यवस्थाओं के लिए अधिकारी तैनात
2 min read
• •
Updated: 16 Apr 2020, 10:27 PM IST
कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे
कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे

कोटा. कोरोना संक्रमण बढऩे पर प्रशासन ने रणनीति में बदलाव किया है। अब कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र के सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को भी बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। वहीं क्वारंटाइन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए हैं। व्यवस्था में किए बदलाव के तहत कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी फील्ड कार्य में नहीं लगेगी। एक दिन पहले संक्रमित क्षेत्र की कार्मिक जो सर्वे दल में शामिल थी वह पॉजिटिव मिली है। इसके बाद कलक्टर ओम कसेरा ने आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में रहने वाले समस्त राजकीय अधिकारी-कर्मचारी भी घर पर रहेंगे। उन्हें कार्य घर पर रहकर करने के निर्देश दिए हैं। कार्मिक नियमित तौर पर अपने विभागाध्यक्ष को कार्य की सूचना देंगे। यह आदेश कफ्र्यू जारी रहने तक लागू रहेंगे।

इसके अलावा कोरोना वायरस से संदिग्ध व्यक्तियों के लिए कैरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी, के वेलनेस सेन्टर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रकोष्ठ गठित किए हैं। इसके लिए नोडल अधिकारी भी तैनात किए हैं। जिला परिषद सीईओ टीकम चन्द बोहरा को संपूर्ण व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए प्रभारी बनाया गया है।


जरूरत के अनुसार लगेगा स्टाफ
जिला कलक्टर ओम कसेरा ने बताया कि राजस्थान एपीडेमिक डिजीज एक्ट 1957 की धारा 2 के तहत इन नोडल अधिकारियों की नियुिक्त की गई है। यह क्वारंटाइन सेन्टर पर समस्त व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित करेंगे। कार्यों के संपादन के लिए स्टॉफ की प्रतिनियुक्ति भी कर सकेंगे। भवन रहवास एवं आधारभूत सुविधा के लिए नगर विकास न्यास के सचिव राजेन्द्र सिंह को नोडल अधिकारी बनाया है। नायब तहसीलदार, विनय चतुर्वेदी, अधिशाषी अभियंता वी.के.पोरवाल और विद्युत प्रसारण निगम के अधिशाषी अभियंता बी.एम.नागर को सहायक अधिकारी बनाया गया है। सीएडी सहायक अभियंता नीरज कुमार को सहयोग के लिए लगाया है।

जैविक कचरे का होगा निदान
स्वच्छता विसंक्रमण सेल का नोडल अधिकारी नगर निगम उपायुक्त कीर्ति राठौड़ को बनाया गया है। सहायक अधिकारी चिकित्सा उप निदेशक डॉ एम.पी.सिंह और क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल सक्सेना को लगाया गया है। यह सेल क्वारंटीन सेन्टर पर जैव चिकित्सा कचरे का निदान करेगी। चिकित्सा विंग का नोडल अधिकारी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. विजय सरदाना होंगे। सहायक अधिकारी एमबीएस चिकित्सालय, अधीक्षक डॉ. नवीन सक्सेना होंगे। डॉ. सुशील सोनी को सहायक अधिकारी बनाया गया है। यह विंग क्वारंटीन सेन्टर पर चिकित्सा व्यवस्था करेगी। भोजन व्यवस्था विंग का नोडल अधिकारी नगर विकास न्यास के उप सचिव बालकृष्ण तिवारी और जिला रसद अधिकारी द्वितीय कपिल झांझरिया को बनाया है। परिवहन एवं मनोरंजन व अन्य सुविधा विंग की नोडल अधिकारी आरटीओ कुसुम राठौड़ को बनाया है। सहायक अधिकारी अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, प्रभुलाल बामनिया, जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक हरिओम गुर्जर और बीएसएनएल महाप्रबंधक गोविन्द गुप्ता को बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था सेल का नोडल अधिकारी एएसपी राजेश मील को बनाया है।

Published on: