कोटा

OMG: तो क्या मोदी की सभा में भीड़ जुटाएंगे जिला कलेक्टर

चुनावी फायदा लेने को सरकार भूली कायदा, कलक्टरों ने अधिकारियों से कहा, कहा: हम कुछ नहीं जानते लोग तो लाने ही पड़ेंगे |
2 min read
• •
Updated: 29 Jun 2018, 9:12 AM IST
PM Modi favourite cock
PM Modi favourite cock

कोटा/बारां. प्रधानमंत्री की 7 जुलाई को जयपुर में होने वाली सभा में भीड़ जुटाने का जिम्मा सरकार ने इस बार जिला कलक्टरों को सौंपा है। जयपुर से जिला कलक्टर को लक्ष्य भी दिया गया है। भीड़ जुटाने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभान्वितों पर दांव लगाया है।

यानी सरकारी खर्च पर इलाज कराने वाले जरूरतमंदों को सरकारी कार्यक्रमों में पहुंचकर उसकी भरपाई करनी होगी। प्रदेश सरकार की ओर से तो इसके लिए पूरी तैयारी भी कर ली गई है। दस दिन पहले बारां जिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद अब प्रधानमंत्री की सभा में भी ऐसे लोगों को ले जाने की तैयारी की जा रही है।

जिला कलक्टरों ने विभागवार लक्ष्य दे दिए हैं। साथ ही, कहा है कि जो विभाग लोगों को लेकर जाएगा, वही उनके भोजन का प्रबंध करेगा।


हाड़ौती से 23 हजार से अधिक सरकारी योजनाओं में लाभान्वितों को जयपुर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 3800 वे किसान शामिल हैं, जिनकी कर्ज माफी हुई है।

अकेले बारां जिले से ही करीब छह हजार लोगों को कार्यक्रम में ले जाने का लक्ष्य है। इसके लिए विभागीय अधिकारी मातहत को लिखित आदेश जारी कर जिम्मेदारियां सौंप रहे हैं।


ब्लॉकवार सूची
चिकित्सा विभाग की ओर से लाभांवितों की छंटनी कर ब्लॉकवार सूची तैयार की गई है। इसमें भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 12 हजार से अधिक उपचार राशि के पैकेज में नि:शुल्क इलाज कराने वाले एक हजार लोगों के अलावा अन्य योजना के लाभांवित शामिल हैं।

वीडियो क्लीपिंग भी बनाओ
जिला कलक्टर ने ऋणी माफी योजना, स्कूटी वितरण, उज्ज्वला योजना के दो-दो लाभान्वितों की वीडियो क्लीपिंग तैयार कर भेजने को कहा है। इस क्लीपिंग के आधार पर ही प्रधानमंत्री की सभा में फीडबैक सुनाया जाएगा।

जिले से केन्द्र व राज्य सरकार की 12 तरह की योजनाओं के करीब 6-7 हजार लाभांवित प्रधानमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। लाभांवितों को लाने ले जाने की सारी व्यवस्था सरकार की ओर से की जाएगी। इस दौरान प्रधानमंत्री जनसंवाद भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कृषि मंत्री जिले के प्रभारी हैं।
डॉ. एसपी सिंह, कलक्टर, बारां

Published on: