
कोटा . डीसीएम रोड स्थित एक सिनेमाघर की वाहन पार्किंग से अवैध वसूली की जा रही है। यहां सिनेमाघर में दुपहिया वाहन खड़ा करने के दर्शकों से15 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। जबकि अन्य वाहन पार्किं ग पर दुपहिया वाहनों से 10 रुपए लिए जाते हैं। राजस्थान पत्रिका टीम बुधवार को इस वाहन पार्किंग पर पहुंची तो ठेकेदार के कर्मचारी वाहनों से वूसली करते मिले।
उन्होंने दर्शकों से प्रति दुपहिया वाहन के 15 रुपए तक वूसल किए। जब कर्मचारियों से बात की तो उनका कहना है कि उन्हें ठेकेदार ने कह रखा है। उनके टेंडर में भी यही राशि है। इस कारण यह राशि वसूल रहे हैं। जबकि शहर के अन्य वाहन पार्किंग पर दुपहिया वाहन के 10 व चौपहिया वाहन के 20-40 रुपए तक लिए जाते हैं।
photo gallery : आसाराम ही नहीं, बाबा के भेष में इन्होंने भी तोडा है भक्तों का भरोसा
अदालत के आदेश को भी नहीं मान रहे
सिनेमाघरों में संचालित कैंटीन में ग्राहकों से खाद्य सामग्री की मनमानी राशि वसूलने पर स्थायी लोक अदालत ने करीब 6 माह पहले 10 अक्टूबर 2017 को शहर के सभी सिनेमाघर संचालकों को आदेश दिया था। जिसमें कहा था कि उनके यहां कैंटीन में वैधानिक मानकों के अनुसार जो सामग्री तैयार की जाती है। उस पर एक निर्धारित राशि (एमआरपी) लिखी जाए। उससे अधिक राशि किसी भी टिकटधारी से नहीं वसूली जाए।
अदालत के आदेश के बावजूद आज भी भी सिनेमाघरों में खाद्य सामग्री मनमानी दरों पर बेची जा रही है। अदालत ने यह आदेश एडवोकेट अशोक कुमार गुप्ता समेत 5 वकीलों और एडवोकेट अशोक चौधरी की ओर से पेश दो अलग-अलग जनहित याचिकाओं का निस्तारण करते हुए दिया था।
दोनों ने जिला कलक्टर और सभी सिनेमाघर प्रबंधकों के खिलाफ याचिका पेश की थी। जिसमें कहा था कि वहां टिकट लेकर जाने वालों को बाहर या घर से बनी खाद्य वस्तु अंदर नहीं ले जाने दी जाती। जबकि सिनेमाघरों में संचालित कैंटीन में ही तैयार वस्तुएं खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है। जिनकी निर्धारित से 4 से 5 गुना अधिक तक राशि वसूल की जा रही है। इस मामले में सिनेमाघर संचालकों ने जवाब में सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था।