कोटा

‘इस हाथ ले, उस हाथ दे’ पर उतरी सरकार

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Jun 29, 2018
modi
'इस हाथ ले, उस हाथ दे' पर उतरी सरकार

बारां. अब सरकार भी इस हाथ दे और उस हाथ ले की तर्ज पर काम कर रही है। सरकारी खर्च पर इलाज कराने वाले बच्चों व अन्य जरूरतमंदों को सरकारी कार्यक्रमों में पहुंचकर उसकी कीमत चुकानी होगी। प्रदेश सरकार की ओर से तो इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। दस दिन पहले जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद अब सात जुलाई को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भी ऐसे लोगों को ले जाने की तैयारी की जा रही है। अकेले बारां जिले से ही करीब छह हजार लाभांवितों को ले जाने का लक्ष्य है। इसके लिए दोगुनी लोगों की सूची तैयार की जा रही है तथा विभागीय अधिकारी मातहत को लिखित आदेश जारी कर जिम्मेदारियां सौंप रहे हैं।

मोदी के मनाने की कोशिशें तेज
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर केंद्र और राज्य सरकार में चल रही खींचतान के बीच पीएम मोदी का यह दौरा काफी महत्वपूर्णं माना जा रहा है। दरअसल पूरे प्रकरण को लेकर पीएम मोदी, प्रदेश भाजपा और खासकर सीएम वसुंधरा राजे के रवैये से खासा नाराज बताए जा रहे है। यही वजह है कि राज्य सरकार पीएम के दौरे को लेकर कोई कोताही नहीं बरतना चाहती है। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को रैली में लाने की जबरन कोशिश भी इसी का हिस्सा है।


12 हजार का इलाज लेने वाले शामिल
चिकित्सा विभाग की ओर से लाभांवितों की छंटनी कर ब्लॉकवार सूची तैयार की है। इसमें भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 12 हजार से अधिक उपचार राशि के पैकेज में नि:शुल्क इलाज कराने वाले एक हजार लोगों के अलावा अन्य योजना के लाभांवित शामिल हैं। सीएमएचओ की ओर से बीसीएमओ को जारी किए आदेशों में कहा गया कि 7 जुलाई को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री योजनाओं के लाभांवितों से संवाद करेंगे। संलग्न सूची में से आपके क्षेत्र के लाभांवितों को कार्यक्रम में भिजवाना सुनिश्चित करें। इसके लिए जिला आशा कोर्डिनेटर धर्मेन्द्र निर्विकार को जिम्मेदारी दी है।

सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम में केन्द्र सरकार की पांच व राज्य सरकार की सात योजनाओं के लाभांवितों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ले जाने की तैयारी है। लाभांवितों को बसों से ले जाने का प्रबंध किया जा रहा है। इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।


किस जिले को कितना टारगेट
कोटा 7 हजार
बारां 6 हजार
झालावाड़ 5 हजार
बूंदी 4 हजार 500
इसमें 3800 वे किसान शामिल हैं, जिनकी कर्ज माफी हुई है।

जिले से केन्द्र व राज्य सरकार की 12 तरह की योजनाओं के करीब 6-7 हजार लाभांवित प्रधानमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। लाभांवितों को लाने ले जाने की सारी व्यवस्था सरकार की ओर से की जाएगी। इस दौरान प्रधानमंत्री जनसंवाद भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कृषि मंत्री जिले के प्रभारी है।
डॉ. एसपी सिंह, जिला कलक्टर, बारां

Updated on:
29 Jun 2018 10:19 am
Published on:
29 Jun 2018 10:10 am