
कोटा. जेके लोन अस्पताल में मंगलवार को गर्भवती की मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कई घंटों तक भर्ती रहने के बावजूद गर्भवती के पेट में बच्चे की मौत होने के बाद भी उसका ऑपरेशन नहीं किया। इसमें चिकित्सकों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल अधीक्षक और नयापुरा पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के बाद पुलिस ने मृतका का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच के करवाने की बात कही है।
मृतका के ससुर हंसराज मेघवाल ने बताया कि अटरू निवासी गर्भवती सोनू मेघवाल (23) पत्नी लोकेश को सोमवार रात नौ बजे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इमरजेंसी में ड्यूटी डॉक्टर ने उसे भर्ती किया और ब्लीडिंग ज्यादा होने पर सोनोग्राफ ी जांच करवाई। सोनोग्राफ ी जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई है। साथ ही परिजनों को ब्लड की व्यवस्था करने और गर्भवती का ऑपरेशन कर मृत बच्चे को बाहर निकालने को कहा, लेकिन सुबह तीन बजे तक उसका ऑपरेशन नहीं किया गया। मृतका के ससुर ने कहा कि हर दस मिनट में वे ऑपरेशन के लिए चिकित्सकों के पास दौड़ते रहे, लेकिन हर बार सिर्फ नॉर्मल डिलेवरी के आश्वासन ही मिले। आखिरकार मंगलवार तड़के 3.45 मिनट पर सोनू की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने 176 में मृग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों को बता दिया था कि पेट में बच्चे की मौत हो चुकी थी। ब्लीडिंग ज्यादा हो रही थी। ऐसे में ऑपरेशन नहीं कर सकते थे। उसे ब्लड भी चढ़ाया गया। नॉर्मल डिलेवरी को लेकर ही कवायद की जा रही थी।
डॉ. आरपी रावत, विभागाध्यक्ष, जेके लोन
पेट में बच्चे की मौत के बाद ऑपरेशन नहीं करने की परिजनों की शिकायत मिली है। मामले की जांच करवाएंगे। उसके बाद ही कुछ कह सकेंगे।
डॉॅ. एच.एल. मीणा, अधीक्षक, जेके लोन
एक्सपर्ट व्यू
किसी भी प्रसूता के पेट में बच्चे की मौत के बाद जरूरी नहीं है कि उसकी स्थिति गंभीर हो सकती है। प्रसूता को ब्लीडिंग हुई होगी। उसे ब्लड चढ़ाया गया होगा। सोनोग्राफी में बच्चे की मौत की स्थिति पता चलने पर दस से पन्द्रह दिन भी नॉर्मल डिलेवरी हो सकती है, यह मौत का कारण नहीं हो सकता है। प्रसूता की लगातार ब्लीडिंग व अन्य कारणों से संभव हो सकता है। उसका ऑपरेशन नहीं किया गया हो, लेकिन परिस्थितियां देखकर ही पता किया जा सकता है।
डॉ. रंजना गुप्ता, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ