
रामगंजमंडी. कोटा. ट्रैफिक जाम खुलवाने के लिए लोगों की समझाइश करना एक पुलिस कांस्टेबल को भारी पड़ गया। लोगों ने जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर रामगंजमंडी से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और 12 जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। हुआ यूं कि खैराबाद-मोड़क सड़क मार्ग पर गुरुवार शाम को जाम खुलवाने पहुंचे एक कांस्टेबल के साथ एक दर्जन से अधिक लोगों ने मारपीट कर दी। दो कांस्टेबल एक प्रकरण में तामील कराने जा रहे थे, इसी दौरान जाम की जानकारी मिलने पर वे यातायात खुलवाने पहुंचे थे। पुलिस ने मामले में 12 जनों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज करके एक वाहन को राउन्डअप किया है।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम साढ़े छह बजे खैराबाद चौकी कांस्टेबल हिम्मत सिंह व राजेन्द्र सिंह किसी प्रकरण में तामील कराने के लिए हिरियाखेडी बस्ती की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मोबाइल पर उनको खैराबाद मोड़क मार्ग पर जाम की सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंच गए। सड़क पर कारें व वाहन आड़े-तिरछे खड़े देख सादा वर्दी में पहुंचे इन जवानों ने वाहनों को व्यवस्थित करने की कोशिश की तो एक कार चालक को यह बात नागवार गुजरी। वह सादावर्दी धारी पुलिसकर्मियों से उलझ गया।
गमी में शामिल होने आए आसपास खड़े लोगों ने यह नजारा देखा तो करीब एक दर्जन से अधिक लोग पुलिसकर्मी से उलझते हुए मारपीट करने लग गए। कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह ने मामले की सूचना रामगंजमंडी पुलिस थाने में दी। पुलिस जाप्ते के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों से उलझने वाले कार चालक के साथ कार को पुलिस ने राउन्डअप किया है। देर रात तक मामले में प्रकरण दर्ज करने की कार्यवाही चल रही थी।
Pulwama Terror attack : शहीद हेमराज के परिजनों को मुंबई बुलाकर अमिताभ बच्चन ने दिए 10 लाख
कांस्टेबल से मारपीट करने के मामले में एक दर्जन लोग आरोपी हैं, जिनको नामजद करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने व मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।
- धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, थानाप्रभारी रामगंजमंडी