कोटा

रोडवेज की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी..दिनभर भटकते रहे यात्री

अंदर तालियों की गूंज, बाहर लगेज ने तोड़ी कमर, टायर जलाकर किया विरोध दी सरकार को चेतावनी
2 min read
• •
Updated: 26 Jul 2018, 7:19 PM IST
strike
रोडवेज की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी..दिनभर भटकते रहे यात्री

कोटा. डीसीएम रोड स्थित नए बस स्टैण्ड परिसर में गुरुवार को एक ओर कर्मचारियों के भाषण और बाद में सेवाओं के लिए उनका सम्मान का नजारा था तो दूसरी ओर बस स्टैण्ड के बाहर लगेज लेकर यहां-वहां भटकते यात्री। घंटों निजी बसों व अन्य साधनों के इंतजार में बहता पसीना। रोडवेज कर्मियों की हड़ताल के दूसरे दिन गुरुवार को ऐसे हाल देखने को मिले। दिनभर नए व पुराने बस स्टैण्डों पर यात्री अन्य साधनों के लिए भटकते नजर आए।

लम्बे समय के बाद मिले साधन
हड़ताल के चलते हुए यात्रियों को यात्रा करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री दलपत सिंह ने बताया कि उन्हें बूंदी जाने के लिए करीब आंधे घंटे से बस नहीं मिली। ऐसे में उन्हें जीप में बैठकर बूंदी जाना पड़ रहा है।


हड़तालियों ने जताया विरोध, दी चेतावनी

हड़ताल के दौरान राजस्थान रोडवेज यूनियन कार्यकर्ताओं ने डीसीएम स्थित बस स्टैण्ड गेट पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। एटक के संभागीय सचिव राजूलाल सिंधी ने बताया कि अगर सरकार हमारी 13 सूत्रीय मांगों को सरकार ने नहीं माना तो यह हड़ताल जारी रहेगी। एटक कोटा डिपो के अध्यक्ष राजेन्द्र गोचर ने बताया कि सरकार रोडवेज कर्मचारियों को कमजोर ना समझें। इस दौरान दिनेश आजाद, इंटक के संभागीय अध्यक्ष गिरधारी सांखला, मुकलराज, अशरफ अली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

2014 में भी हुई थी हड़ताल
कर्मचारी नेता अशरफ अली ने बताया कि लोक परिवहन चलाने के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने 30 व 31 जुलाई 2014 में भी हड़ताल की थी। तब सरकार ने लोक परिवहन बसों को बस स्टैण्ड के बाहर से चलाने का निर्णय किया था। अगर हमारी मांगों को जल्द नहीं माना गया हड़ताल अनिश्चितकालीन भी की जा सकती है।

कांग्रेस का भी समर्थन

रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करने कांग्रेस प्रदेश महामंत्री पंकज मेहता भी बस स्टैण्ड पर पहुंचे। रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल को सही बताते हुए कहा कि इस सरकार ने किसी को कुछ नहीं दिया है। कभी किसानों को परेशान किया जा रहा है तो कभी आम आदमी को। उन्होंने यहां सरकार बदलने का आह्वान तक कर दिया। हड़ातल को समर्थन देने के लिए नॉर्दन जोन इन्श्योरेंस एम्लाइज यूनियन, एलआईसी से संबंधित पदाधिकारी भी पहुंचे।

Published on: