कोटा

राजावत पर भड़के राजपूत नेता, समाज को तोडऩे का लगाया आरोप

भाजपा में दम घुटने का बयान देकर लाड़पुरा विधायक भवानी सिंह राजावत राजपूत समाज के ही निशाने पर आ गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 20 May 2018, 9:02 PM IST
rajawat
राजावत पर भड़के राजपूत नेता, समाज को तोडऩे का लगाया आरोप

कोटा . भाजपा में दम घुटने का बयान देकर लाड़पुरा विधायक भवानी सिंह राजावत राजपूत समाज के ही निशाने पर आ गए हैं। सर्व राजपूत समाज संघर्ष समिति ने इसे समाज को बांटने की कोशिश करार दिया है। कोटा में जुटे राजस्थान के नेताओं ने कहा कि विधायक राजावत अगले विधान सभा चुनाव में खुद को हारता हुआ देखकर घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं। संघर्ष समिति ने राजस्थान सरकार और प्रदेश भाजपा पर भी जमकर हमला बोला।

सर्व राजपूत समाज संघर्ष समिति के अध्यक्ष गिरिराज सिंह लोटवाड़ा ने कहा कि विधायक भवानी सिंह राजावत राजपूत समाज को बांटने की कोशिश में जुटे हैं। यदि उन्हें समाज की इतनी ही चिंता थी तो अमरूदों के बाग में राजपूत समाज के दो वरिष्ठ नेताओं की पगड़ी उछालने के बाद मिले विधान सभा के टिकिट को ठोकर मार देते। उस वक्त तो समाज को परे धकेल न सिर्फ टिकट लिया, बल्कि समाज के कंधे पर चढ़कर सदन में पूरे 15 साल भी गुजार दिए, लेकिन इस कार्यकाल के दौरान राजपूत समाज और उसका हित उन्हें कभी याद नहीं आया।

लोटवाड़ा ने चुटकी लेते हुए कहा कि समाज की हालत नहीं खुद की हार देख राजावत का दम फूल गया है।

निकालेंगे स्वाभिमान यात्रा

संघर्ष समिति के प्रवक्ता दुर्ग सिंह खींवसर ने कहा कि सरकार अब भी नहीं चेती तो प्रदेश के राजपूतों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ भाजपा और प्रदेश सरकार को सबक सिखाने के लिए स्वाभिमान यात्रा निकालेंगे। इस दौरान राजपूत विकास परिषद के अध्यक्ष रणजीत सिंह नोसल, रावणा राजपूत सभा के मोहन सिंह हाथोज, कुचामन नगर पालिका के डिप्टी चेयरमैन मनोहर सिंह रूपपुरा, जय राजपूता संघ के भंवर सिंह रेटा, राजपूत सभा जयपुर के महामंत्री बलवीर सिंह हाथौज, रायुफा के के अध्यक्ष शंभू सिंह कानावत, हाड़ौती क्षत्रिय शिक्षा समिति के शिवराज राठौड़, राजपूत करणी सेना के पवन सिंह हाड़ा, राजपूत सभा के भवानी सिंह चौहान, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के निर्भय सिंह शक्तावत, चंचल चौहान, कमल सिंह बडग़ुर्जर और नन्द सिंह हाड़ा समेत राजपूत समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Published on: