
गेण्डोली. करवाला की झोपड़ियां पंचायत क्षेत्र के कोडक्या बालाजी गांव में बारिश के बाद आम रास्ते की हालत बदतर हो गई है। रास्ते में जगह-जगह कीचड़ और गंदगी जमा होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो रहा है। इसी रास्ते से स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी रोजाना कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इससे बच्चों के कपड़े खराब होने के साथ ही फिसलकर गिरने और चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के आम रास्ते पर पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी रास्ते पर ही जमा हो जाता है। गंदगी और मिट्टी जमा होने के कारण कुछ ही समय में पूरा मार्ग कीचड़ में बदल जाता है। पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी निकलने में परेशानी हो रही है। बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को रास्ता पार करने में सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है। ग्रामीण राकेश कहार, अशोक गुर्जर, योगेन्द्र गूर्जर, राजविंदर गुर्जर, हरविंदर सिंह, सोनू गुर्जर, धर्मराज गूर्जर एवं महेंद्र शर्मा ने बताया कि रास्ते की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि केवल अस्थायी रूप से कीचड़ हटाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि रास्ते का समतलीकरण कराने के साथ पानी की निकासी की उचित व्यवस्था भी जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल रास्ते को दुरुस्त करने और स्थायी समाधान की मांग की है।