
कोटा . राजधानी ट्रेन के एसी कोच से महिला यात्री का पर्स चोरी होने के मामले में ड्यूटी पर तैनात एएसआई व महिला कांस्टेबल को दोषी मानते हुए आरपीएफ कमांडेंट ने मंगलवार को निलम्बित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली निवासी अमृता सिंह अपनी पिता के साथ मुम्बई-दिल्ली राजधानी ट्रेन के ए-2 एसी कोच में यात्रा कर रही थी।
सोमवार देर रात को नागदा से कोटा के बीच उनका पर्स चोरी हो गया। उस कोच में महिला कांस्टेबल कविता चौधरी व एएसआई भावसिंह की ड्यूटी थी। यात्री ने ट्रेन में ही दोनों को सूचना दे दी थी, लेकिन चोर का पता नहीं चल सका। महिला का पर्स टाइलेट में मिल गया, लेकिन पर्स में रखा सामान नहीं मिला। इसकी शिकायत उन्होंने कोटा आरपीएफ में की। आरपीएफ कमांडेंट ने एएसआई व महिला कांस्टेबल को प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही का दोषी मानते हुए निलम्बित कर दिया। हालांकि ट्रेन में कोटा से बदले आरपीएफ के एस्कोर्ट ने दिल्ली आरपीएफ में महिला यात्री का मुकदमा दर्ज कराया।
इधर, ट्रोले की टक्कर से महिला की मौत
बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में रायपुर पुलिया पर सोमवार को ट्रोले की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बारां जिले के डाबडिया गांव निवासी भूली बाई (45) अपनी पति हीरालाल के साथ बाइक से कोटा में डॉक्टर को दिखाने आई थी। दोपहर करीब 2 बजे डॉक्टर को दिखाने के बाद अपने गांव जा रहे थे। रायपुरा फ्लाईओवर पर पीछे से आए ट्रोले ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों गिर गए। भूली बाई ट्रोले की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात ट्रोला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।