
-: रोपे गए 200 पौधे, हरियाली बनाए रखने का लिया संकल्प
मोठपुर ।। राजस्थान पत्रिका के लोकप्रिय ''हरयालो राजस्थान'' अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कस्बे के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक प्रेरणादायक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 200 पौधे रोपे गए, जिससे पूरा प्रांगण हरियाली के रंग में रंग गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम जगाना और पर्यावरण संतुलन के महत्व को समझाना रहा। इस दौरान शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का पाठ पढ़ाते हुए पौधों के रोपण के साथ-साथ उनके नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। पर्यावरण को हरा-भरा और समृद्ध बनाने के लिए इस महाअभियान के तहत कई छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए, जिनमें प्रमुख रूप से करंज , जामुन , नीम ,शीशम , गुलमोहर , मीठी नीम , समेत अन्य कई तरह के पौधे शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य लक्ष्मीनारायण मीणा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण को बचाने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक अरुण नामदेव , विजय नापित ,महावीर , राजीव , राजेश मित्तल , नीलिमा गोयल एवं विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं का योगदान रहा। सभी ने पूरे उत्साह के साथ इस पौधारोपण महाअभियान में अपनी सहभागिता निभाई और भविष्य में भी पर्यावरण की रक्षा करने का प्रण लिया।