अब तक हमने धार्मिक पुस्तक रामचरितमानस के विभिन्न अध्यायों की पुस्तकें, गुटके, मनके के बारे में सुना ही होगा। अब रामायण को सुन भी सकते हैं।
कोटा . अब तक तो हमने धार्मिक पुस्तक रामचरितमानस के विभिन्न अध्यायों की पुस्तकें, गुटके, मनके के बारे में सुना ही होगा। जिनके माध्यम से हम घर-मंदिरों में पारायण करते हैं। अब रामायण को सुन भी सकते हैं। फरीदाबाद निवासी अभय माहेश्वरी ने एक एेसी बोलती रामायण का प्लेयर तैयार किया है। जिसके माध्यम से व्यक्ति घर हो या यात्रा पर रामचरित मानस के दोहों को सुन सकते हैं।
पांच साल से रामभक्त अभय माहेश्वरी सपत्नीक कम्पनी सेकेट्री का जॉब छोड़ रामायण के चमत्कारिक प्रभावों के प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। जहां भी पुस्तक मेले, ट्रेड फेयर, वृहद स्तर के धार्मिक मेले लगते हैं। वे वहां पहुंच लोगों को इस बोलती रामायण के बारे में लोगों को जागरूक करते हैं। इन दिनों शहर के मल्टीपरपज स्कूल ग्राउंड में चल रहे राजस्थान पत्रिका के मेगा ट्रेड फेयर में भी माहेश्वरी दम्पत्ति ने स्टॉल लगा रखी है, जहां बोलती रामायण का पूरा सेट प्रदर्शित किया जा रहा है।
इसलिए डिवाइस खास
रामायण के श्रवण-ध्वनि मात्र से ही वातावरण पवित्र हो जाता है। दुख, दोष, दरिद्रता दूर हो जाती है। वर्तमान की भागमभाग जीवनशैली में परिवार, बच्चों को संस्कारित बनाने का यह सबसे सरल-सुलभ माध्यम है। यह डिवाइस बाजार में कहीं भी उपलब्ध नहीं है। इस डिवाइस को व्यापार के द़ृष्टिकोण से नहीं, जनकल्याण, परिवार, बच्चों को संस्कारवान बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
क्या है बोलती रामायण
बोलती रामायण एक एेसी अनूठी और एकमात्र रचना है। जिसे अजय मूंदड़ा नामक व्यक्ति ने संगीतमय रिकार्ड किया है। इसमें बालकांड से लेकर उत्तरकांड तक के सभी दोहे, चौपाइयां है। रामायण की शुरुआत गणेश वंदना और समापन रामायणजी की आरती के साथ। पुष्पांजलि और हनुमान चालीसा का पाठ भी है। इसमें लगातार २१ घंटे का सम्पूर्ण रामायण पाठ है। फिर भी अगर कोई व्यक्ति अलग अलग कांडों को सुनना चाहता है तो वह सुन सकता है।