
कोटा. भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मौजूदा विधायकों के टिकट काटने का अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। विधायक हो या कार्यकर्ता अच्छा काम करने वालों को चुनाव में मौका मिलेगा। युवाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। जनता से फीडबैक लेने के बाद ही प्रत्याशियों का चयन होगा।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री की राजस्थान गौरव यात्रा की तैयारियों की बैठक लेने आए सैनी ने सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवालों के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों को लेकर चुनाव में जनता के बीच जाएंगे। जनता इस बार प्रदेश में सत्ता परितर्वन का मिथक तोड़ देगी और भाजपा 180 सीटों के साथ फिर सरकार बनाएगी। प्रदेश सरकार के प्रति कोई एन्टी इन्कम्बेंसी नहीं है।
कोटा में गुटबाजी नहीं
कोटा में विधायकों के बीच आपसी खींचतान के सवाल पर सैनी ने कहा कि कोई गुटबाजी नहीं है। यदि कोई विधायक गुटबाजी करता है तो उसका ही नुकसान होगा। सब पार्टी के कार्यकर्ता हैं और पार्टी हित में काम करेंगे। अभी तक मेरे समक्ष इस तरह का कोई प्रकरण भी नहीं आया है। कोटा में जिस तरह स्वागत किया है, उससे लगता है कि कमल खिलेगा।
18 दिन ब्रेक होगा रहेगा
उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को यात्रा को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। समापन अजमेर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। यात्रा प्रदेश के ज्यादातर विधान सभा क्षेत्र में जाएगी। कुछ विधानसभा रूट में नहीं आ रहे, उन्हें बाद में कवर किया जाएगा। चालीस दिन की यात्रा में 18 दिन ब्रेक होगा।
लहसुन के टोकन वाले किसानों पर चल रहा है विचार
बाजार हस्तक्षेप योजना में लहसुन की खरीद के टोकन देने के बाद भी सरकार द्वारा खरीद नहीं करने के पत्रिका के सवाल पर सैनी ने कहा कि यह विषय हमारी जानकारी है। कैसे हम किसानों को राहत दे सकते हैं, इस पर विचार चल रहा है। किसान हित में निर्णय लेंगे।