कोटा

छात्रसंघ चुनाव : कोटा के संस्कृत कॉलेज में भिड़े छात्रों के दो गुट, पुलिस ने जमकर दौड़ाया, स्टेडियम में भी टकराए छात्र

Student union elections 2019 : कोटा में छात्रसंघ चुनाव के दौरान संस्कृत महाविद्यालय व नयापुरा स्टेडियम में छात्रों के दो गुट भिड़ गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा।
2 min read
• •
Aug 27, 2019
Student union elections 2019
छात्रसंघ चुनाव : कोटा के संस्कृत कॉलेज में भिड़े छात्रों के दो गुट, पुलिस ने जमकर दौड़ाया, स्टेडियम में भी टकराए छात्र

कोटा. रिमझिम फुहारों के बीच शहर के 9 राजकीय कॉलेजों में वोटों की जमकर बारिश हुई। प्रत्याशियों ने मतदाताओं को घर से लाने व मतदान स्थल तक ले जाने तक के सारे इंतजाम कर रखे थे। मंगलवार को मौसम की खुशगवारी छात्रसंघ चुनावों में वोटों की बरसात लेकर आई। सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होने के एक घंटे बाद यानी 9 बजे तक 15 प्रतिशत मतदान हुआ जो धीरे धीरे तेजी से बढ़ता चला गया।

Student union elections 2019 : राजकीय कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव का उल्लास, कोटा यूनिवर्सिटी में पसरा सन्नाटा

इस दौरान सुबह 11 बजे संस्कृत महाविद्यालय में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। हंगामा कर रहे छात्रों को पुलिस ने दौड़ाकर मामला शांत किया। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। यहां एक गुट के छात्र नेता वोटर्स को अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करवाने की अपील कर रहे थे। इस पर दूसरे गुट के छात्रों ने आपत्ती जताई तो दोनों गुटों में बहस हो गई, जो थोड़ी ही देर में हंगामे में बदल गई। विवाद बढऩे पर वहां मौजूद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ा। वहीं, नयापुरा स्टेडियम में भी दो गुट भिड़ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे और लाठी फटकार स्थिति नियंत्रित की। सुरक्षा के लिहाज से सभी कॉलेजों में पुलिस जाब्ता तैनात है। अन्य कॉलेजों में भी छात्रों में झड़प की जानकारी सामने आई है।

4 घंटे में 40 प्रतिशत मतदान
शहर के सभी कॉलेजों में दोपहर 12 बजे तक 40 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हो चुका था। आखिरी समय में मतदाता छात्रों की संख्या तेजी से बढ़ी और दोपहर एक बजे तक करीब 50 प्रतिशत मतदान हुआ।

कोष कार्यालय पहुंची मतपेटियां
मतदान खत्म होने के बाद प्रत्याशियों की मौजूदगी में सभी मतपेटियों को सील कर पुलिस सुरक्षा के बीच कोष कार्यालय भेज गया। वहां से बुधवार सुबह सभी मतपेटियां वापस कॉलेजों में पहुंचेगी। वहां मतगणना होगी। उसके बाद मतदान का रुझान आएगा।

अल सुबह ही कॉलेज पहुंच गए समर्थक
छात्रसंघ चुनाव के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों का अल सुबह से ही कॉलेज पहुंचना शुरू हो गया था। मतदान ठीक समय पर शुरू हो गया था। सुबह नौ बजे तक 15 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद जैसे-जैसे घडिय़ों की सूई बढ़ती गई वैसे-वैसे मतदान प्रतिशत भी बढ़ता चला गया। दोपहर 12 बजे तक 40 प्रतिशत मतदान हुआ।

कहां क‍ितना हुआ मतदान

गवर्मेंट साइंस में 57.06प्रतिशत,
गवर्मेंट आट्र्स में 35 प्रतिशत,
गवर्मेंट कॉमर्स में 57.60 प्रतिशत
जेडीबी साइंस में 36.11 प्रतिशत
जेडीबी आटर्स में 32.47 प्रतिशत
जेडीबी कॉर्मस में 43.19 प्रतिशत
लाॅ कॉलेज में 79 प्रतिशत हुआ मतदान

Published on:
27 Aug 2019 01:44 pm