कोटा

Kota: डेम के पास मिला 15 साल के इकलौते बेटे का शव, दोस्तों के साथ नहाने गया था, कोई नहीं पहुंचा घर, फोन भी स्विच ऑफ

Minor Boy Suspicions Death: कोटा में दोस्तों के साथ नहाने गए 15 साल के किशोर का शव डेम के पास मिला। देर रात तक घर नहीं लौटने और मोबाइल स्विच ऑफ मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसका शव मिला।
2 min read
Jul 10, 2026
Kota Prince Death
मृतक का फाइल फोटो: पत्रिका

Minor Died Near Alaniya Dam: कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में आलनिया डेम में गुरूवार सुबह 15 साल के किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक के सिर, गर्दन और पैर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने उसके साथ गए दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर पांच युवकों के खिलाफ हत्या की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना सामने आया है।

पुलिस का मानना है कि घटना के बाद डर के कारण साथ गए युवक कहीं छिप गए हैं। एसएचओ भीम सिंह ने बताया कि मृतक प्रिंस (15) कोटा के रोजड़ी क्षेत्र का निवासी था। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह अपने 5 दोस्तों के साथ आलनिया डेम में नहाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान जिन दोस्तों के साथ वह गया था, वे भी अपने घरों से गायब मिले और उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे। मृतक प्रिंस ने दो दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था।

आरकेपुरम थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाने पहुंचे थे परिजन

गुरुवार सुबह परिजन आरकेपुरम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे ही थे कि आलनिया डेम के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान प्रिंस के रूप में की। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे तथा कपड़े और मोबाइल फोन भी मौके से गायब मिले। परिजनों ने बताया कि प्रिंस परिवार का इकलौता बेटा था। उसने नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उसके पिता ओमेश नगर निगम में सफाईकर्मी हैं। परिजनों का आरोप है कि प्रिंस के साथ गए युवकों ने ही उसकी हत्या की है।

मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू

एसएचओ ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण डूबना सामने आया है, लेकिन शरीर पर मिले चोट के निशानों सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार युवकों से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
10 Jul 2026 07:30 am
Published on:
10 Jul 2026 07:30 am