
सीसीटीवी से लिया स्क्रीनशॉट का फोटो: पत्रिका
Kota Dog Biting Case: कोटा के छावनी इलाके में आवारा कुत्तों के आतंक का एक और मामला सामने आया है। गुमानपुरा थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में शनिवार शाम करीब 7.15 बजे आवारा कुत्ते ने 5 साल की बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को सड़क पर पटकने के बाद घसीटा और कई जगह नोंच-काट लिया। बच्ची के सिर, कलाई और पीठ पर गहरे घाव हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें कुत्ता बच्ची पर हमला करता दिख रहा है।
फुटेज में सामने आया कि बच्ची नमरा पुत्री मोबिन घर के बाहर गली में अकेली जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान बच्ची सड़क पर गिर गई और कुत्ता उसे घसीटते हुए कुछ दूर तक ले गया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और एक महिला मौके पर पहुंचे। लोगों ने कुत्ते को भगाकर बच्ची को बचाया। इसके बाद परिजन बच्ची को तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसके घावों का उपचार किया।
अचानक हुए हमले से बच्ची काफी डर गई। परिजनों के मुताबिक, बच्ची के सिर, कलाई और पीठ पर कुत्ते के काटने के गहरे निशान हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण इलाके में बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय निवासी किशन प्रजापति ने बताया कि कोटा के इसी इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बनी हुई है। बंगाली कॉलोनी और आसपास की गलियों में कई आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को डर के माहौल में आवाजाही करनी पड़ती है।
इसी क्षेत्र में कुछ समय पहले सफाई कर्मचारी खेमराज पर भी आवारा कुत्ते ने हमला किया था। कुत्ते ने उनके पैर को बुरी तरह नोंच दिया था, जिससे गहरा घाव हो गया था। सहकर्मियों के मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने किसी तरह कुत्ते को भगाया और खेमराज को सुरक्षित किया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम में सूचना कर तीन कुत्तों को पकड़वाया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके बावजूद इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अकेले आने-जाने वाले लोगों पर हमले का खतरा बना रहता है।
Updated on:
24 Aug 2026 09:06 am
Published on:
24 Aug 2026 09:05 am
