20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान: डिलीवरी के बाद बिगड़ी प्रसूता की हालत, कोटा रेफर करने के बाद मौत; पति ने डॉक्टरों पर लगाए आरोप

बूंदी में डिलीवरी के बाद 24 साल की सोनिया सैनी की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में कोटा रेफर करने के बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Harshita Saini

Aug 20, 2026

Kota woman death after delivery

मृतक सोनिया सैनी (Photo-Patrika)

राजस्थान में एक और प्रसूता की मौत का ममला सामने आया है। कोटा में डिलीवरी के बाद 24 साल की सोनिया सैनी की मौत हो गई। सोनिया को गंभीर हालत में बूंदी से कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। परिजनों ने बूंदी के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस को शिकायत भी दी गई है। सोनिया टोंक जिले के पनवाड़ की रहने वाली थी। परिवार के अनुसार, डिलीवरी के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और आखिरकार कोटा में उसकी मौत हो गई।

17 अगस्त को डिलीवरी के लिए अस्पताल में हुई थी भर्ती

परिजनों के अनुसार, सोनिया को 17 अगस्त को डिलीवरी के लिए बूंदी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पति राजू सैनी ने बताया कि 18 अगस्त सुबह करीब 10 बजे डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी करवाई। इस दौरान सोनिया ने बच्ची को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद शुरुआत में परिवार को बच्ची के जन्म की जानकारी मिली, लेकिन इसके बाद सोनिया की तबीयत बिगड़ने लगी। उसके टांकों से खून निकलने लगा और हालत गंभीर होती चली गई।

टांकों से खून निकलने के बाद कोटा किया रेफर

पति राजू सैनी के अनुसार, डिलीवरी के बाद सोनिया के टांकों से लगातार खून निकलने लगा। इसी दौरान उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बूंदी से कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिवार सोनिया को लेकर कोटा पहुंचा, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। राजू सैनी का आरोप है कि कोटा में सोनिया की जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि डिलीवरी के समय बच्चेदानी में कट लग गया था। पति के अनुसार, इसी वजह से सोनिया को लगातार रक्तस्राव होता रहा। उन्होंने यह भी बताया कि ज्यादा खून बहने के कारण सोनिया की दोनों किडनियों पर भी असर पड़ा। परिवार का कहना है कि कोटा पहुंचने के बाद इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी रही और 19 अगस्त की शाम उसकी मौत हो गई।

मामले की शिकायत दर्ज

सोनिया की मौत के बाद परिजनों ने बूंदी के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी। बूंदी कोतवाली के एएसआई देशराज चौधरी ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के तहत सोनिया के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।