कोटा

ओखी का असरः जाड़े में जकड़ी हाड़ौती, कोटा में एक ही दिन में गिरा 6.8 डिग्री पारा

ओखी साइक्लोन के चलते हाड़ौती को जाड़े ने जड़क लिया। 12 घंटे में 5.2 मिमी बारिश हुई। जिसकी वजह से पारा एक ही दिन में 6.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
2 min read
• •
Updated: 6 Dec 2017, 11:21 AM IST
Rain in kota, weather News Rajasthan, Temperature dropped in kota, Cold in Rajasthan, Okha Cyclone Impact In Rajasthan, Rajasthan Patrika Kota, Kota Rajasthan Patrika, Weather News Kota
Temperature dropped 6.8 degrees In 24 hours

राजस्थान के हाड़ौती इलाके में तीन दिन से चल रही सर्द हवाओं के बीच मंगलवार सुबह 5 बजे से चालू हुई बारिश की वजह से मौसम अचानक पलटा खा गया। 12 घंटों में 5.2 मिमी बरसात हुई। जिसकी वजह से पिछले 24 घंटे में तापमान औंधे मुंह गिर पड़ा। कोटा के तापमान में 24 घंटे के दौरान 6.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री था, जो मंगलवार शाम पांच बजे तक 18.7 डिग्री रह गया।

अरब सागर से चले ओखी चक्रवात ने राजस्थान को सर्दी की चपेट में ला दिया। कोटा और आसपास के हाड़ौती अंचल में ओखी की वहज से पिछले 24 घंटे से लगातार बूंदाबांदी का दौर जारी है। बारां जिले में छबड़ा, भंवरगढ़, कस्बाथाना, शाहाबाद, मांगरोल में हल्की बरसात हुई। बूंदी जिले में दिनभर बूंदाबांदी होती रही। सर्दी के चलते बाजारों में जल्दी सन्नाटा पसर गया। झालावाड़ जिले में भी पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है।

छूटी कंपकपी, बिस्तरों में ही दुबके रहे लोग

कोटा में तीन दिन से चल रही सर्द हवाओं के बीच लोगों की कंपकपी छुड़ा दी। बच्चे, बूढ़े, जवान दिनभर गर्म कपड़ों में लदे रहे। बारिश से बचाव के लिए कई दुपहिया वाहन चालकों ने सर्दी के मौसम में बरसाती कोट पहन कर बाजार निकलना पड़ा। लोग देर तक बिस्तरों में दुबके रहे। नर्सरी क्लास तक के कई बच्चे तो सर्दी के असर के चलते स्कूल नहीं गए। प्राइमरी, मिडिल क्लास के बच्चे सुबह बरसात से बचाव करते स्कूलों में पहुंचे। वहीं दोपहर में स्कूल से लौटे तब भी बूंदाबांदी का असर रहा।

चाय-पकौड़ी, कचौरी की रही मांग

सर्द मौसम रहने से घरों से गरमागरम पकौड़ी, मूली-आलू के पराठे आदि महकते रहे। शहर में कचौरी-पकौड़ी की दुकानों पर भी ग्राहकों पर भी भीड़ रही। लोग दिनभर इनका स्वाद चखते रहे। चाय की गुमटियों, थडि़यों पर भी लोग चाय की चुस्कियां लेते देखे गए।

Updated on:
6 Dec 2017, 11:21 AM IST
Published on: