कोटा

लिफाफे में बंद सफाई कर्मचारियों का भाग्य, Highcourt के आदेश के बाद घोषित होंगे परिणाम

सांगोद, रामगंजमंडी, कैथून में सफाई कर्मचारियों की भर्ती लॉटरी निकाली | रावतभाटा में भी निकाली लॉटरी |
2 min read
• •
Updated: 29 Mar 2020, 5:35 PM IST
safaikarmi
लिफाफे में बंद सफाई कर्मचारियों का भाग्य,हाईकोर्ट के आदेश के बाद घोषित होंगे परिणाम

कोटा. जिले की सांगोद, रामगंजमंडी एवं कैथून नगरपालिका में सफाईकर्मियों की भर्ती लॉटरी टेगौर सभागार में बुधवार को जिला कलक्टर गौरव गोयल की अध्यक्षता में निकाली गई।

लॉटरी निकालकर उच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना में समिति सदस्यों की उपस्थिति में श्रेणीवार लिफाफे सीलबन्द किए। स्थानीय निकाय विभाग द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर द्वारा नगरपालिका वार प्राप्त आवेदनों में से पात्र पाए गए आवेदनों में श्रेणीवार रिक्त पदों के अनुसार लॉटरी निकाली गई।

इस अवसर पर निगमायुक्त डॉ. विक्रम जिंदल, एडीएम प्रशासन सुनीता डागा, स्थानीय निकाय की उपनिदेशक भावना राघव गुर्जर,निगम उपायुक्त श्वेता फगेडिया, सांगोद पालिका अध्यक्ष देवकीनन्दन राठौर, रामगंजमंडी पालिका अध्यक्ष हेमलता शर्मा व कैथून पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अहसान सहित संबंधित नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

यह रही स्थिति
उपनिदेशक भावना राघव गुर्जर ने बताया कि सांगोद नगरपालिका में 74 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इनके लिए 164 आवेदन पात्र पाए गए।

सॉफ्टवेयर द्वारा श्रेणीवार आरक्षण के अनुसार 66 पात्र जनों का लॉटरी द्वारा चयन किया गया। रामगंजमण्डी नगरपालिका में 25 रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए, इनके लिए 273 आवेदन पात्र पाए गए। सॉफ्टवेयर द्वारा श्रेणीवार आरक्षण के अनुसार 24 पात्र जनों का लॉटरी द्वारा चयन किया गया।

इसी प्रकार कैथून नगरपालिका में 22 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए। इनके लिए 189 आवेदन पात्र पाए गए। सॉफ्टवेयर द्वारा श्रेणीवार आरक्षण के अनुसार 20 पात्र जनों का लॉटरी द्वारा चयन किया गया। उन्होंने बताया कि न्यायालय के निर्देशों की पालना में ही नियुक्ति प्रक्रिया की अग्रिम कार्यवाही पूरी की जाएगी।

रावतभाटा में भी निकाली लॉटरी
सफाई कर्मी भर्ती 2018-19 अंतर्गत नगरपालिका में स्वीकृत 128 पदों के लिए 796 अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र जमा कराए। इनमें से 689 अभ्यर्थियों के आवेदन जांच में सही मिले। जिनकी बुधवार को लॉटरी निकाली गई। चयनितों की सूची जारी नहीं की जाकर परिणाम सीलबंद लिफाफे में है।

नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सौरभ जिन्दल ने बताया कि जिला कलक्टर कार्यालय स्थित जिला परिषद सभागार में लॉटरी निकाली गई।

रावतभाटा पालिका में सफाई कर्मियों के स्वीकृत 128 पदों के लिए लॉटरी प्रक्रिया अतिरिक्त कलक्टर नारायण सिंह चारण ने भर्ती समिति राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के मनोनीत प्रतिनिधि राजेश लोट, सदस्य नगर पालिका अध्यक्ष बंशीलाल प्रजापत, सदस्य सचिव पालिका अधिशासी अधिकारी सौरभ जिन्दल की मौजूदगी में सम्पन्न कराई।सुबह 11 बजे शुरू हुई लॉटरी प्रक्रिया करीब 6 घंटे में शाम 5 बजे पूरी हुई।

107 आवेदन निरस्त
उन्होंने बताया कि भरे गए कुल 796 आवेदनों की जांच की गई। जिनमें से 107 निरस्त हुए। शेष रहे 689 अभ्यर्थियों में की बुधवार को लॉटरी निकाली गई।

आरक्षित पदों में आवेदन कम
सामान्य वर्ग के लिए सफाई कर्मी के सबसे अधिक कुल आरक्षित पद 64 हैं। जिसमें पुरुष 27 व महिलाओं के 37 है। इसके मुकाबले 20 पुरुष व 5 महिला अभ्यर्थी ने ही आवेदन जमा कराए।

इसके अलावा एससी वर्ग के लिए 20 के मुकाबले 707, एसटी 16 के मुकाबले 20, ओबीसी 27 व एसबीसी के एक आरक्षित पद के लिए 44 आवेदन जमा हुए। विधवा श्रेणी के 9, परित्यक्ता व नि:शक्तजन का 1-1, भूतपूर्व सैनिक श्रेणी के 15, उत्कृष्ट खिलाड़ी का 1 पद स्वीकृत है।

Updated on:
29 Mar 2020, 5:35 PM IST
Published on: