कोटा

एक रुपए में हो गई शादी, सर्वजातीय समाज के 80 जोड़े

मेहर, बैरवा, कोली, लसगरिया समेत विभिन्न समाजों के दूल्हा-दुल्हनों का विवाह हुआ।
2 min read
• •
Updated: 29 Apr 2018, 7:35 PM IST
WEDDING
WEDDING

कोटा . संभागीय मेघवाल विकास समिति के तत्वावधान में पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान में सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न समाजों के 50 जोड़े परिणय बंधन में बंधे। इसमें मेहर, बैरवा, कोली, लसगरिया समेत विभिन्न समाजों के दूल्हा-दुल्हनों का विवाह हुआ।

पंडित मुकेश गौतम ने अन्य सहयोगी पंडितों के सहयोग से फेरे करवाए। फेरे गोधूली बेला में हुए। कार्यक्रम संयोजक धन्नालाल मेघवाल ने बताया कि शगुन के तौर पर विवाह पंजीयन शुल्क के नाम पर बेटियों के परिजनों से एक रुपया लिया गया। वर पक्ष से सिक्योरिटी के तौर पर 15 हजार रुपए लिए गए। दूल्हा-दुल्हन को 21 बर्तन व आवश्यक वस्तुएं भेंट की गई। आयोजकों के अनुसार विवाह में शिक्षित व नौकरीपेशा दूल्हा दुल्हन आए। इससे पहले आयोजन स्थल पर सुबह से ही लोगों के आने का क्रम शुरू हुआ। शाम तक पांडाल व आसपास मेले जैसा माहौल रहा। दोपहर बाद तोरण व वरमाला की रस्म अदा की।

एक पांडाल में बनी कई जोडियां
कोटा. अखिल हाड़ौती वाल्मीकि समाज समिति विज्ञान नगर के तत्वावधान में इलेक्ट्रोनिक कॉम्प्लेक्स में समाज के १०वें सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें ११२ जोड़े परिणय बंधन में बंधे। कार्यक्रम बालयोगी उमेशनाथ के सान्निध्य में हुआ। समिति अध्यक्ष अशोक पचेरवाल ने बताया कि राजस्थान के अलावा जम्मू कश्मीर, दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश समेत विभिन्न स्थानों से जोड़े। कोटा के डीसीएम के दुल्हे का विवाह कश्मीर की दुल्हन से हुआ, दुल्हन एलएलबी है, दूल्हा नौकरीपेशा है। उपाध्यक्ष राकेश डंडोरिया भी सम्मेलन में दाम्पत्य सूत्र में बंधे।


नई तकनीक से जुड़ें

इस मौके पर संत ने कहा कि समाज को जोडऩे का कार्य करो। संगठित होकर ही समाज को नई दिशा दी जा सकती है। शिक्षित बनें और तकनीक से जुड़ें। समारोह में विधायक संदीप शर्मा, उप महापौर सुनीता व्यास व अन्य अतिथि भी शामिल हुए। शर्मा ने कहा कि सम्मेलन से फिजूलखर्ची रुकती है। उप महापौर ने बेटियों को शिक्षित बनाने पर जोर दिया।

ताकि धर्म की राह चलें
समिति संयोजक रामप्रसाद पचेरवाल व सूरजमल खोड़ा के अनुसार जोडि़यों को वाल्मीकि रामायण व संत के प्रवचन की सीडी भेंट की। फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन, अलमारी, कूलर, सिलाई मशीन, दुल्हन को टॉप्स, मंगल सूत्र, पायल, सोने की लोंग, अंगूठी सहित अन्य गृहस्थी के उपहार दिए।

सामूहिक विवाह आज
श्री आदि गौड़ बाह्मण समाज संस्था के तत्वावधान में सोमवार को खड़े गणेशजी मंदिर क्षेत्र स्थित देव नारायण मन्दिर में समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन अध्यक्ष राजेन्द्र गौड़ ने बताया कि इसमें समाज के 13 जोड़ों का विवाह होगा।

Published on: