कोटा

कोटा में हुआ रेल हादसा, मचा हडकंप

कोटा में मंगलवार सुबह 4.50 बजे पर एक रेल हादसा हुआ।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2017, 6:23 PM IST
Train Engine

कोटा थर्मल परिसर में मंगलवार सुबह कोयला खाली करने के लिए बने वैगन टिपलर 2 के पास रेल इंजन, खाली वैगन से टकरा गया। दुर्घटना में वैगन टिपलर क्षतिग्रस्त होकर पटरी से उतर गया तथा इंजन भी आगे से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय मौके पर कोई कर्मचारी या श्रमिक नहीं होने से कोई अनहोनी नहीं हुई।

सूचना पर थर्मल के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा वैगन को पटरी से अलग करवाकर टिपलर पर कोयले के वैगन की सप्लाई शुरू करवाई। प्रत्यक्षदशियों के अनुसार, मंगलवार सुबह 4:50 बजे वैगन टिपलर 2 पर कोयले से भरी मालगाड़ी को खाली किया जा रहा था।

इस दौरान एक और मालगाड़ी कोयला लेकर थर्मल परिसर पहुंची। थर्मल का इंजन रैक के साथ जुडे गार्ड वैगन को अलग खडा करने के लिए ले गया। लौटते समय टिपलर से खाली होने के बाद दूसरी मालगाड़ी का वैगन भी इसी ट्रेक पर सरकाया जा रहा था। उससे इंजन टकरा गया । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खाली वैगन क्षतिग्रस्त होकर पटरी से उतर गया। इधर थर्मल के रेल इंजन को भी नुकसान पहुंचा। थर्मल प्रशासन ने दुुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

बरती जा रही लापरवाही

कोटा थर्मल परिसर में जिस जगह यह दुर्घटना हुई, वहां इंजन की गति अधिकतम 20 किमी प्रतिघंटा के आसपास ही रखी जाती है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय इंजन की गति करीब 30 किमी प्रतिघंटे के आसपास थी।
इसके साथ ही जिस ट्रेक पर वैगन को खाली कर भेजा जा रहा था, लोको पायलेट भी इंजन को लेकर उसी ट्रेक पर आ गया, इससे यह हादसा हुआ।

Updated on:
14 Nov 2017, 6:23 PM IST
Published on: