
कोटा. सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद भी बजरी का अवैध खनन कर इसका परिवहन किया जा रहा है। एेसे में इसके परिवहन को रोकने के लिए परिवहन विभाग की ओर से नियमित कार्रवाई भी की जा रही है। इसके तहत सोमवार देर रात परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई कर बजरी से भरे दो ट्रक व डम्पर को जब्त कर अनंतपुरा थाने में बंद करवाया गया। पहली कार्रवाई सहायक निरीक्षक अनिल बसवाल ने की। इन्होने सूचना पर भामाशहामंडी स्थित एक कोटा स्टोन की फैक्ट्री में खाली हो रहे दो बजरी के ट्रक को जब्त किया गया। बसवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर जब बजरी के ट्रक को जब्त करने पहुंचे तो वहां पर दो बजरी के ट्रक खाली हो रहे थे। इसपर उन्हे पकड़ जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध किया,लेकिन कार्रवाई से पूर्व इसकी सूचना पुलिस को कर देने के कारण कुछ समय बाद पुलिस पहुंच गई और उन्होने ट्रक को जब्त कर अनंतपुरा थाने में बंद किए गए।
दूसरी कार्रवाई अनंतपुरा थाना क्षेत्र में ही सहायक निरीक्षक तनसुख ने की। तनसुख ने बताया कि वह देर रात गश्त कर रहे थे। इस दौरान न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने दो डम्पर निकल रहे थे। इसपर उन्हे रोक कर पूछताछ की गई तो उसमें बजरी मिली। इसपर उन्हे जब्त करने की कार्रवाई की गई तो उन्होने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद अनंतपुरा थाने में इसकी सूचना की और पुलिस आने के बाद दोनों डम्पर को जब्तकर उन्हे अनंतपुरा थाने में बंद किया गया।
डाबी क्षेत्र से आ रहे ट्रक-
बजरी माफियाओं पर रोक लगाने के लिए बरुंधन चौराहे पर पुलिस द्वारा नाका लगा रखा है। एेसे में बजरी के ट्रक बूंदी की तरफ से आना बंद हो गए है,लेकिन माफियाओं द्वारा अब बजरी के ट्रकों को डाबी की तरफ से शहर में लाया जा रहा है।