कोटा

कोटा में भी आया यूपी जैसा बवंडर

अंधड़ का असर इतना था कि रावतभाटा रोड स्थित मोबाइल मार्केट में कई दुकानों में दरार तक आ गयी |

2 min read
May 16, 2018
storm

कोटा . पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते बुधवार को हाड़ौती में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला। कई क्षेत्रों में धूलभरी आंधियां चली। कई जगह बरसात हुई। कोटा शहर में सुबह बादल छाए रहे। दोपहर को धूप का असर रहा। दोपहर बाद करीब तीन बजे 15-18 किलोमीटर की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चली।

शहर के में बरसात भी हुई। आंधी के चलते शहर में कई जगह पेड़ धराशायी हो गए और टिन टप्पर ,होर्डिंग्स उड़ गए | बंगाली कॉलोनी में कई टिन शेड उड़ गए | अंधड़ का असर इतना था कि रावतभाटा रोड स्थित मोबाइल मार्केट में कई दुकानों में दरार तक आ गयी | वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा | खासकर दोपहिया वाहन चालकों ने अंधड़ के दौरान अपने वाहनों को सड़क किनारे लगा दिया |कोटा में आये इस अंधड़ की चपेट में इंसानो के साथ ही पक्षी भी आ गए |

केशवरायपाटन क्षेत्र में मंगलवार को चने व बेर के आकार के ओले भी गिरे थे । इसके चलते हाड़ौती में तापमापी का पारा गिर गया। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी 5 दिन तक बादल छाए रहेंगे।

आंशिक क्षेत्र में धूलभरी हवाएं भी चल सकती है। कोटा जिले के सांगोद, कुंदनपुर, सीमल्या, सुल्तानपुर, अयाना, इटावा क्षेत्र में भी शाम को तेज हवाएं चली। कई जगह पर बरसात हुई। कोटा शहर का अधिकतम 43 , न्यूनतम 28 डिग्री हो गया।

बारां शहर समेत जिले में दोपहर को तेज धूप व लू के थपेड़ों से लोगों का बुरा हाल रहा। दिनभर गमज़् हवा चलती रही। शाम करीब चार बजे बारां शहर, भंवरगढ़, छीपाबड़ौद क्षेत्र में धूलभरी हवाएं चली। बरसात भी हुई। बारां का अधिकतम तापमान 43, न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहा।

बूंदी जिले में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। दोपहर बाद रामगंजबालाजी, बूंदी शहर, रोटेदा, भडेंडा, बासी, बरुंधन, केशवरायपाटन क्षेत्र तेज हवाएं चली। बरसात भी हुई। केशवरायपाटन में चने, बेर के आकार के ओले गिरे।

Published on:
16 May 2018 06:32 pm