कोटा

‘मुझे फांसी हो जाए, बोलना बन्द नहीं करूंगा’

राजावत विधायक के फिर बेतुके बोल  
2 min read
• •
Updated: 9 Jun 2018, 9:53 PM IST
rajawat
मुझे फांसी हो जाए, बोलना बन्द नहीं करूंगा

कोटा. रेत के अवैध खनन को गरीबों को हक बताने और पीएमओ तक शिकायत पहुंचने के बाद भी लाडपुरा से भाजपा विधायक भवानी सिंह राजावत विवादित बयानों से बाज नहीं आ रहे। उन्होंने शनिवार को फिर बयान जारी कर कहा कि 'भले ही फांसी लगा दी जाए, लेकिन एेसा बोलना बंद नहीं करेंगे। राजावत ने कहा कि पर्यावरण प्रेमियों को मानव प्रेमी भी होना चाहिए, उन्हें यह याद होना चाहिए कि गरीब आदमी जिनमें महिलाएं भी हैं, वो चम्बल के पानी में डूबकर बड़ी मुश्किल से रेत निकालते हैं। उस रेत को निकालने से उन्हें मुश्किल से 200 रुपए रोज मिलते हैं, जिससे उनका चूल्हा जलता है और उनके बच्चों का पेट भरता है। ऐसे विकट हालात में वे गरीबों के लिए बोलते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि आज राजस्थान के इंजीनियर, कारीगर व मजदूरों के सामने भूखों मरने की नौबत है। सरकारी काम तो बंद ही हो गए। जहां तक रंगपुर का सवाल है, रंगपुर गांव की रोजी रोटी ही चम्बल नदी पर निर्भर है। गरीब आदमी पीढिय़ों से रेत निकालकर आजीविका चला रहे। ऐसे में मानवीय दृष्टिकोण अपनाना बहुत जरूरी है।

हम जानवरों की तो चिन्ता करते हैं, लेकिन जीते जागते इंसान की चिन्ता नहीं करते। 1974 में पहली बार कोटा में बाइपास के लिए लाइनिंग की गई थी लेकिन उस समय घडिय़ाल सेंचुरी के कारण पुलिया नहीं बन पाई। उस समय हैंगिंग ब्रिज की तकनीक नहीं होने के कारण पूरी योजना ही अटक गई।

कोटा शहर में निकलने वाले भारी वाहनों के कारण हुई दुर्घटनाओं और उनमें हुई मौतों के लिए नैतिक रूप से यह घडिय़ाल सेंचुरी व तथाकथित पर्यावरण प्रेमी जिम्मेदार हैं। हमें घडिय़ालों से पहले मानव से प्रेम करना होगा।

Published on: